बिहार चुनाव 2020: कांग्रेस ने मुंगेर में पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ विचार विमर्श किया, अमिता ने दिल्ली दरिंदगी पर जताई निंदा
कांग्रेस ने भी बिहार विधानसभा के चुनावी अभियान की शुरुआत कर दी है। रविवार को बिहार महिला कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अमिता भूषण ने मुंगेर में विधानसभा चुनाव को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ विचार विमर्श किया। साथ ही कांग्रेस नेत्री ने दिल्ली में मासूम बच्ची के साथ हुई दरिंदगी पर निंदा जताई।

बिहार में कोरोना महामारी के बीच विधानसभा के चुनाव नवंबर अक्टूबर में होने हैं। चुनाव आयोग भी तैयारियों में जुटा है। इसी को लेकर बिहार कांग्रेस ने भी सूबे में विधानसभा चुनाव की तैयारियां शुरू कर दी हैं। बिहार महिला कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अमिता भूषण ने रविवार को ट्वीट के माध्यम से बताया कि वे आज बिहार प्रभारी शक्ति सिंह गोहिल के निर्देश पर ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत को समेटे मुंगेर पहुंची। वहां अमिता भूषण ने प्रखंड अध्यक्ष और पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर बैठक आयोजित की। बैठक में अमिता ने पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर विचार विमर्श किया। इस दौरान अमिता भूषण ने पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ आगामी चुनाव की रणनीति पर भी चर्चा की। साथ ही उन्होंने कार्यकर्ताओं से पार्टी के सदस्यता अभियान को बढ़ाये जाने पर भी जोर दिया। अंत में अमिता ने बैठक में मौजूद प्रखंड अध्यक्ष आलोक कुमार समेत सभी पार्टी कार्यकर्ताओं का अभार जताया।
अमिता ने दिल्ली में हुई दरिंदगी को लेकर केजरीवाल पर साधा निशाना
बिहार महिला कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अमिता भूषण ने रविवार को अन्य ट्वीट के माध्यम से देश की राजधानी दिल्ली में मासूम बच्ची के साथ हुई दरिंदगी पर निंदा जताई। उन्होंने कहा कि दिल्ली में 13 साल की बच्ची के साथ बलात्कार और यातना का मामला दुखद है। साथ ही उन्होंने कहा कि बलात्कारियों की आंखों में शर्म का पानी तो होता नहीं है। लेकिन महिला सुरक्षा के नाम पर सहानुभूति का दरिया बहाने बाले मोदी जी और केजरीवाल जी की आंखों से शर्म का पानी कहां चला गया।