पूर्व एमएलसी रविन्द्र तांती का कोरोना वायरस की वजह से पटना एम्स में निधन
जदयू नेता एवं राजद से दो बार एमएलसी रहे रविन्द्र तांती का शुक्रवार को कोरोना वायरस की वजह से निधन हो गया। उनका पटना एम्स में 10 दिनों से उपचार चल रहा था। रविन्द्र तांती के निधन पर जदयू समेत राजद नेता तेजस्वी यादव ने शोक जाहिर किया है।

जदयू के प्रदेश महासचिव एवं पूर्व एमएलसी रविन्द्र तांती का शुक्रवार को कोरोना महामारी की वजह से निधन हो गया। पटना के एम्स में करीब 10 दिनों से रविन्द्र तांती का उपचार चल रहा था। बताया जाता है कि वे पटना एम्स में पिछले नौ दिनों से वे वेंटिलेटर सपोर्ट पर थे। वे पटना के फतुहा स्थित मकसुदपुर के रहने वाले थे। उनके निधन से जदयू में शोक गहरा गया है। जानकारी है कि पूर्व में रविन्द्र तांती बिहार के पूर्व सीएम एवं राजद प्रमुख लालू प्रसाद यादव के करीबी भी रहे थे। लालू यादव ने ही रविन्द्र तांती को 1996 में पहली बार एमएलसी बनाया था। लेकिन उनको 1997 में सीएम राबड़ी देवी को एमएलसी बनाने के लिये अपने पद से इस्तीफा देना पड़ गया था। जानकारी है कि रविन्द्र तांती इस समय जदयू के प्रदेश महासचिव थे। बताया जाता है कि रविन्द्र तांती बिहार राज्य अति पिछड़ा वर्ग राज्य आयोग के अध्यक्ष भी रह चुके थे।
बिहार विधान परिषद के कार्यकारी सभापति और विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव रविन्द्र तांती के निधन पर शोक जताया है। अवधेश नारायण सिंह ने अपने शोक संदेश में कहा कि रविन्द्र तांती एक सफल व विलक्षण प्रतिभा के राजनेता थे। वे जीवनभर समाज में दबे कुचले लोगों के लिये कार्य करते रहे। राजद नेता तेजस्वी यादव ने भी रविन्द्र तांती के निधन पर शोक जाहिर किया है। उन्होंने कहा कि राजद से दो बार एमएलसी रहे रविन्द्र तांती के असामयिक निधन से आहत हूं। कोरोना संक्रमित होने से कुछ समय पूर्व वो अपने प्रबुद्ध साथियों के साथ हमसे मिले थे। ईश्वर शोक-संतप्त परिजनो को दुःख सहने की शक्ति और दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करे।