Logo
election banner
दिल्ली के नांगलोई थाना इलाके के राव विहार में युवक की गला रेतकर हत्या कर दी गई। युवक की 8 महीने पहले ही शादी हुई थी। वह एक दिन बाद ही अपनी पत्नी से मिलने गांव जाने वाला था।

Delhi Crime News: बाहरी जिले के नांगलोई थाना अंतर्गत राव विहार में एक युवक की घर में ही गला रेतकर हत्या कर दी गई। मृतक का नाम 30 वर्षीय अमरजीत बताया गया है। वह बिहार का रहने वाला था। एक दिन बाद उसकी बिहार जाने की टिकट थी। घर में बदबू आने के बाद मामले का खुलासा हुआ। शव पोस्टमार्टम के लिए संजय गांधी अस्पताल भिजवाया गया है।

मृतक की आठ महीने पहले हुई थी शादी

डीसीपी जिमी चिरम के अनुसार, वारदात की सूचना शनिवार सुबह 8 बजकर 22 मिनट पर मिली। पुलिस राव विहार की गली नंबर छह में मकान नंबर ए 286 पर पहुंची। कॉल मृतक के चाचा लक्ष्मण ने की थी। उसने बताया कि अमरजीत जोमाटो में डिलीवरी ब्वॉय के रूप में काम करता था। आठ महीने पहले उसकी शादी हुई थी। पत्नी बिहार में गांव में रहती है।

घर से बदबू आने के बाद पुलिस को दी सूचना

अमरजीत इस घर में 10 साल से रह रहा था। घर चाचा लक्ष्मण का ही है। चाचा लक्ष्मण ज्वालापुरी में परिवार के साथ रहते हैं। अमरजीत का भाई भी नांगलोई में ही गली नंबर चार में रह रहा है। उसका अमरजीत से संपर्क नहीं हो पा रहा था। इसलिए उसने चाचा को उसके घर भेजा। घर से बदबू आने के बाद पुलिस को सूचना दी गई।

पुलिस कर रही जांच

आशंका है कि हत्या 2 या 3 मई की रात की गई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इसके अलावा पुलिस आसपास के लोगों व परिजनों से पूछताछ कर रही है। इसके साथ ही अमरजीत के कॉल रिकॉर्ड की भी जांच की जा रही है।

5379487