Noida Workers Protest: नोएडा में पिछले कुछ दिनों से श्रमिक अपने वेतन में बढ़ोत्तरी को लेकर प्रदर्शन कर रहे थे, लेकिन सोमवार को प्रदर्शन ने हिंसात्मक रूप ले लिया है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने आगजनी, तोड़फोड़ और पत्थरबाजी जैसे वारदातों को अंजाम दिया, जिसके बाद पुलिस ने एक्शन लेते हुए लगभग 300 से अधिक प्रदर्शनकारियों को गिरफ्तार किया। अब इस पूरे मामले को लेकर जिलाधिकारी मेधा रूपम का बयान सामने आया है। उन्होंने कहा कि श्रमिकों की मांग को मान लिया गया है और गौतम बुद्ध नगर में शांति व्यवस्था को बनाए रखें।
सीएम योगी का किया धन्यवाद
नोएडा श्रमिक प्रदर्शन पर सीएम योगी आदित्यनाथ द्वारा एक्शन लेने को लेकर नोएडा की जिलाधिकारी ने सीएम योगी का धन्यवाद किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि, "मैं मुख्यमंत्री और उच्च-स्तरीय समिति को धन्यवाद देती हूँ कि उन्होंने मजदूरों की वेतन-वृद्धि की मुख्य मांग को स्वीकार कर लिया। इसके अलावा, अन्य निर्देश भी जारी किए गए हैं, जिनमें यह सुनिश्चित करना शामिल है कि मजदूरों का वेतन हर महीने की 10 तारीख से पहले उनके खातों में जमा हो जाए।"
#WATCH | Uttar Pradesh: Medha Roopam, District Magistrate (DM) of Gautam Buddha Nagar (Noida) says, "I thank the Chief Minister and the high-powered committee for accepting the workers' primary demand of wage increase. Furthermore, other directives have been issued, including… pic.twitter.com/vKsqM4c0cD
— ANI (@ANI) April 14, 2026
ओवरटाइम में मिलेगा दोगुना वेतन
जिला अधिकारी मेधा रूपम ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि, "हर साल नवंबर से पहले बोनस का भुगतान भी किया जाएगा। ओवरटाइम काम के लिए दोगुना वेतन दिया जाएगा। साप्ताहिक छुट्टियों के दिन काम करने के लिए भी दोगुना वेतन मिलेगा। यौन उत्पीड़न संबंधी शिकायत समितियों का गठन किया जाएगा और हर जगह शिकायत पेटियां भी लगाई जाएँगी। मैं सभी से शांति और व्यवस्था बनाए रखने की अपील करती हूँ। मजदूर अपनी शिकायतें वहाँ भी दर्ज करा सकते हैं।"
हिंसा हल नहीं
इस दौरान जिलाधिकारी मेधा रूपम ने लोगों से निवेदन करते हुए कहा कि, " सभी से मेरी यह अपील है कि हिंसा किसी भी चीज का जवाब नहीं है। मेरा सभी से अनुरोध है कि गौतम बुद्ध नगर जिले में शांति व्यवस्था को बनाए रखा जाए। सौहार्दपूर्ण तरीके से अपनी बात को रखा जाए और मुख्यमंत्री जी की भी धन्यवाद जो कि उन्होंने इस प्रमुख मांग को मान लिया।"









