CM Rekha Gupta On Kejriwal Advocacy: दिल्ली के आबकारी नीति में कथित घोटाले को लेकर बीते दिन 13 अप्रैल को हाईकोर्ट में आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने खुद वकालत की थी। लेकिन होर्ट में अपना पक्ष रखने के बाद अब अरविंद केजरीवाल खुद सवालों के घेरे में आ गए हैं। इसे लेकर मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने टिप्पणी की हैं।
जानकारी के मुताबिक, सीएम रेखा गुप्ता ने अरविंद केजरीवाल पर निशाना साधते हुए कहा कि इन दिनों वह खुद को एक वकील की तरह पेश कर रहे हैं, अपने बचाव में अदालतों का रुख कर रहे हैं। उन्होंने केजरीवाल पर तंज कसते हुए कहा कि उन्होंने हमेशा लोकतांत्रिक मूल्यों की अनदेखी की है।
जब फैसला उनके पक्ष में आता है, तो वह खुद को बेहतर बताने में लग जाते हैं। लेकिन आज उन्हें कौन सा डर सता रहा है कि अब वह न्यायपालिका पर सवाल उठाने लगे हैं। सीएम ने कहा कि देश की जनता न्यायपालिका पर बहुत भरोसा है, और न्याय जरूर मिलेगा।
सीएम रेखा गुप्ता ने आगे कहा वह दिल्ली की जनता को कहना चाहती हैं कि, 'वह व्यक्ति जिसने हमेशा लोकतंत्र की अवहेलना की, जिसने हमेशा सरकारी एजेंसियों पर उंगली उठाई, जिसने भी उनके खिलाफ दो शब्द कह दिए, उनको कटघरे में खड़ा कर दिया. जब-जब उनको अपने खिलाफ शब्द सुनाई दिए उन्होंने उनको कोसना शुरू कर दिया।'
न्याय होकर रहेगा-सीएम रेखा गुप्ता
राउज एवेन्यू कोर्ट के फैसले को लेकर सीएम रेखा गुप्ता ने कहा कि जब आपके पक्ष में फैसला आया तो आपने तमगे पहना दिए कि इससे बढ़िया कोई व्यक्ति हो ही नहीं सकता। और आज आपने न्यायपालिका की ओर उंगली उठानी शुरू कर दी है।
उन्होंने यह भी कहा कि एक ऐसा शख्स जिसके पास कोई बही खाता नहीं, लेकिन उनकी बात को माना जाना चाहिए, ऐसा उनका कहना है। दिल्ली की जनता भी उनका यह व्यवहार देख रही है। सीएम ने कहा कि मैं ऐसे गैंग को बताना चाहती हूं कि न्याय होकर रहेगा, वह जनता के गुनाहगार हैं और जनता भी न्याय कर के रहेगी।









