Bihar Assembly Elections 2020: तेजस्वी राघोपुर से लड़ेंगे चुनाव, पर्यटन में बिहार के पिछड़ने पर नीतीश पर साधा निशाना
Bihar Assembly Elections 2020: राजद नेता तेजस्वी यादव आज राघोपुर विधानसभा क्षेत्र से अपना नामांकन पत्र दाखिल करेंगे। इसके अलावा तेजस्वी यादव ने पर्यटन क्षेत्र में बिहार के पिछड़े होने पर सीएम नीतीश कुमार पर निशाना साधा है।

राजद नेता तेजस्वी यादव
Bihar Assembly Elections 2020: बिहार में विधानसभा के चुनावों की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। वहीं सूबे में चुनाव को लेकर सियासी दल एक - दूसरे पर लगातार तीखी टिप्पणियां करते हुये देखे जा रहे है। एक तरफ सीएम नीतीश कुमार अपनी सरकारों से पहले शासन को लगातार कोस रहे हैं। दूसरी ओर विपक्षी पार्टियां गड़े मुर्दों को उखाड़े पर नीतीश कुमार के विकास कार्यों पर सवाल उठा रहे हैं। इसी कड़ी में राजद नेता तेजस्वी यादव ने ट्वीट के माध्यम से नीतीश कुमार को घेरा है। तेजस्वी यादव ने कहा कि वर्तमान, भविष्य व अपने 15 वर्ष के भूतकाल को छोड़कर नीतीश कुमार 30-40 पुराने कब्र खोद रहे हैं। जीवित मुद्दे छोड़ मुर्दों के पीछे पड़े हैं। तेजस्वी यादव ने कहा कि नीतीश कुमार बेतहाशा बेरोजगारी, पलायन, बदहाल शिक्षा, स्वास्थ्य व विधि व्यवस्था पर कुछ नहीं बोल रहे है। वहीं तेजस्वी यादव ने कहा कि नीतीश कुमार से अब हिसाब भी चाहिए व जवाब भी।
तेजस्वी यादव ने बुधवार को अन्य ट्वीट के जरिये बिहार के पर्यटन में पिछड़े होने पर बिहार सरकार को घेरा है। उन्होंने कहा कि बिहार का इतिहास, परंपरा व सभ्यता सबसे समृद्ध है। बिहार भारतीय संस्कृति का केंद्र है। बिहार की पावन धरती सम्राट अशोक, चन्द्रगुप्त मौर्य, चाणक्य, आर्यभट्ट, बुद्ध, महावीर, माता सीता व गुरु गोविन्द सिंह की जन्मस्थली व कर्मस्थली रही है। तेजस्वी यादव ने कहा कि फिर हमारा बिहार पर्यटन क्षेत्र में पिछड़ा हुआ है। आख़िर ऐसी स्थिति क्यों है?
बिहार का इतिहास, परंपरा और सभ्यता सबसे समृद्ध है।बिहार भारतीय संस्कृति का केंद्र है। बिहार की पावन धरती सम्राट अशोक, चन्द्रगुप्त मौर्य,चाणक्य,आर्यभट्ट,बुद्ध, महावीर,माता सीता और गुरु गोविन्द सिंह की जन्मस्थली व कर्मस्थली रही है। फिर भी हम पर्यटन क्षेत्र में पिछड़े है।आख़िर क्यों? pic.twitter.com/JGH6NIoasb
— Tejashwi Yadav (@yadavtejashwi) October 14, 2020
जानकारी है कि राजद नेता तेजस्वी यादव इस बार राघोपुर विधानसभा सीट से चुनाव लड़ने जा रहे हैं। इस बात की जानकारी राजद के आधिकारिक ट्विटर अकांउट से ट्वीट कर दी गई है। राजद की ओर से बताया गया है कि माननीय नेता प्रतिपक्ष और भावी सीएम तेजस्वी यादव अपने विधानसभा क्षेत्र राघोपुर से बुधवार की सुबह 11 बजे हाजीपुर में नामांकन करेंगे।
राजद नेता तेजस्वी यादव ने भी ट्वीट कर आज राघोपुर से अपना नामांकन पत्र दाखिल करने की जानकारी दी है। उन्होंने लिखा कि आप सबों के प्रेम, सहयोग, समर्थन, विश्वास व आशीर्वाद के साथ बुधवार की सुबह 11 बजे नामांकन करूंगा। बिहार के बेरोज़गार युवा, किसान, शिक्षक, कर्मचारी, मज़दूर, व्यापारी व गरीब बदलाव के लिए दृढ़ संकल्पित है।