Logo
election banner
Politics On Sam Pitroda Statement: इंडियन ओवरसीज कांग्रेस के अध्यक्ष सैम पित्रोदा के एक बयान पर सियासत गरमा गई है। केवल बीजेपी ही नहीं बल्कि इंडिया अलायंस के कई साथी भी इस बयान से नाराज हैं।

Sam Pitroda Controversial Statement: इंडियन ओवरसीज कांग्रेस के अध्यक्ष सैम पित्रोदा पिछले कुछ समय से अपने बयानों के चलते विवादों में घिरे हैं। विरासत टैक्स पर दिए गए बयान का मुद्दा अभी शांत भी नहीं हुआ कि तब तक उनके एक और बयान पर काफी चर्चा हो रही है। दरअसल, इस बार उन्होंने भारत की विविधता को लेकर बयान दिया। पित्रोदा ने कहा कि भारत में ईस्ट के लोग चाइनीज और साउथ वाले अफ्रीकन दिखते हैं। हालांकि, उनके इस बयान के बाद कांग्रेस के अलावा इंडिया गठबंधन ने किनारा कर लिया। कांग्रेस ने कहा कि भारत की विविधता की ये परिभाषा मंजूर नहीं है तो वहीं आम आदमी पार्टी ने भी इससे किनारा कर लिया है।

क्या है पित्रोदा का विवादित बयान 

सैम पित्रोदा ने एक समाचार पत्र को दिए इंटरव्यू में विविधता पर बयान दिया। उन्होंने कहा हम 75 साल बहुत खुशहाल माहौल में रहे हैं। हम भारत जैसे विविधता वाले देश को एक साथ रख सकते हैं।जहां पूर्वी भारत में रहने वाले लोग चीन के लोगों जैसे, पश्चिम में रहने वाले अरब जैसे, उत्तर भारत में रहने वाले श्वेतों की तरह और दक्षिण में रहने वाले अफ्रीकी लोगों की तरह दिखते हैं। लेकिन इसके बाद भी कोई फर्क नहीं पड़ता। यहां हम सभी भाई-बहन हैं। हम सभी अलग-अलग भाषाओं, धर्मों, रीति-रिवाजों और खाने का सम्मान करते हैं। यही वह भारत है जिसमें मैं विश्वास करता हूं।

संजय सिंह ने किया किनारा

पित्रौदा के बयान से कांग्रेस के साथ-साथ अब आम आदमी पार्टी ने भी किनारा कर लिया है। AAP सांसद संजय सिंह ने कहा कि जहां तक सैम पित्रोदा के बयान का सवाल है, उस तरह के बयान का कहीं दूर-दूर तक INDIA गठबंधन का कोई भी व्यक्ति समर्थन नहीं करता है। इसके साथ ही उन्होंने पीएम मोदी पर निशाना साधते हुए कहा कि प्रधानमंत्री ने देश की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने संसद भवन के उद्घाटन में नहीं बुलाया। उन्होंने कहा की बीजेपी और आरएसएस के लोग आदिवासी, दलितों से घृणा करते हैं। इसलिए उनके साथ इस तरह का व्यवहार करते हैं।

वहीं, कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने कहा कि सैम पित्रोदा ने भारत की विविधताओं की जो उपमाएं दी हैं, वह गलत और अस्वीकार्य हैं। भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस इन उपमाओं से अपने आप को पूर्ण रूप से अलग करती है।

वीरेंद्र सचदेवा ने बोला हमला

दिल्ली बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने कांग्रेस पर हमला बोला हैं। उन्होंने कहा कि ये कांग्रेस की विकृत मानसिकता है। हर हिंदुस्तानी हमारा भाई है। जब-जब कांग्रेस को देश के खिलाफ कुछ बोलना होता है तो ये राम के खिलाफ बोलेंगे और हिंदुस्तानी के खिलाफ बोलेंगे। बहुसंख्यक समाज को गाली देना कांग्रेस की पुरानी आदत है। वहीं, पित्रौदा के बयान पीएम मोदी ने कांग्रेस को निशाने पर लिया है। उन्होंने कहा कि शहजादे के अंकल ने आज ऐसी गाली दी है, जिसने मुझे गुस्से में भर दिया है। लिंक पर क्लिक कर खबर को विस्तार से पढ़िए...

5379487