Mausam ki jankari: हिमाचल में मौसम ने ली करवट, 25 नवंबर तक नहीं खिलेगी धूप
Mausam ki jankari: हिमाचल प्रदेश हो रही बर्फबारी से मौसम का मिजाज बदलने लगा है। मौसम विभाग की माने तो शिमला, कुल्लू, मंडी, सोलन, सिरमौर, चंबा, किन्नौर, लाहुल-स्पीति में रविवार से बारिश व बर्फबारी होगी।

फाइल फोटो
Mausam ki jankari: हिमाचल प्रदेश हो रही बर्फबारी से मौसम का मिजाज बदलने लगा है। मौसम विभाग की माने तो शिमला, कुल्लू, मंडी, सोलन, सिरमौर, चंबा, किन्नौर, लाहुल-स्पीति में रविवार से बारिश व बर्फबारी होगी। प्रदेश के इन क्षेत्रों में 25 नवंबर तक यह प्रक्रिया जारी रहेगी। प्रदेश के मैदानी क्षेत्रों में भी 23 नवंबर को भी बारिश की संभावना जताई जा रही है। मैदानी इलाकों में 24 से 26 नवंबर तक मौसम साफ रहेगा। मौसम विभाग का पूर्वानुमान अगर सही बैठता है, तो राज्य में आगामी दिनों के दौरान जनता को कड़ाके की ठंड का सामना करना पड़ सकता है।
प्रदेश में दिन के समय चटक धूप खिली रही, मगर दोपहर के बाद बर्फबारी से हो रही ठंड के प्रवाह से तापमान में फिर गिरावट आई है। अधिकतम तापमान में एक से दो डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की गई है। प्रदेश में सोलन, बिलासपुर और हमीरपुर को छोड़कर समूचे प्रदेश के तापमान में गिरावट रिकॉर्ड की गई है। धर्मशाला व केलांग के पारे में सबसे ज्यादा दो डिग्री तक की गिरावट आई है। केलांग का पारा लुढ़ककर 3.3 डिग्री तक पहुंच गया है।
कुफरी में लगा पहला डॉप्लर राडार, अब मौसम की मिलेगी सही जानकारी
शिमला के कुफरी में डॉप्लर राडार स्थापित हो गया है। यह प्रदेश का पहला डॉप्लर राडार है। राडार स्थापित होने के बाद अब मौसम के पूर्वानुमान की सटीक जानकारी मिलेगी। इतना ही नहीं, राडार स्थापित होने के बाद अब मौसम विभाग क्षेत्रवार बारिश व ओलावृष्टि की सटीक जानकारी भी जारी कर पाएगा। शिमला के कुफरी में स्थापित राडार की टेस्टिंग शुरू हो गई है। मौसम विभाग के मुताबिक दो सप्ताह तक राडार की टेस्टिंग चलेगी। इसके बाद राडार कार्य करना शुरू कर देगा।