Hari bhoomi hindi news chhattisgarh

कांग्रेस ने सीएम शिवराज को ठहराया निर्दोष किसानों की हत्या का जिम्मेदार, कहा- छत्तीसगढ़ में 'सुशासन'

शिवराज सिंह ने किसानों पे गोलियाँ चलवाई थी, भूपेश बघेल ने किसानों को धान की क़ीमत 2500 दिलवाई है: विनोद तिवारी। पढ़िए पूरी खबर-

कांग्रेस ने सीएम शिवराज को ठहराया निर्दोष किसानों की हत्या का जिम्मेदार, कहा- छत्तीसगढ़ में सुशासन
X

रायपुर। कल भाजपा के जन संवाद कार्यक्रम मे मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज चौहान ने कहा था कि- 'छत्तीसगढ़ में अराजक शासन चल रहा है।' छत्तीसगढ़ कांग्रेस के युवा नेता विनोद तिवारी ने इस बयान के जवाब में पलटवार करते हुए मुख्यमंत्री शिवराज सिंह को निर्दोष किसानों की हत्या का जिम्मेदार ठहराया है। उन्होंने कहा है कि- शिवराज सिंह की सरकार ने अपने हक़ की माँग कर रहे अन्नदाताओं पर जिस निर्दयता से गोली चलवाई थी, उसी से समझ आता है कि आप क्या हैं। आपने तो उन अन्नदाताओं को भी नहीं बख्शा, जिसका उगाया अन्न आप खाते हैं। आपने मंदसौर की धरती को निर्दोष किसानो के खून से लाल कर दिया था। आपका कुशासन किसी से छुपा नहीं है, आपके राज में जिस तरह व्यापम घोटाला हुआ, उसे पूरे देश ने देखा है। किस तरह उस केस के गवाहों की एक-एक कर हत्या हुई... क्या यही आपका सुशासन था ? किसान, युवा, महिला, मज़दूर सभी वर्गों को आपने छला है। एक बार अपना कार्यकाल उठाकर देखिये।

उन्होंने कहा कि- एक बार छत्तीसगढ़ आ कर देखें कि छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने छत्तीसगढ़ के जनता के लिये क्या किया है। छत्तीसगढ़ पूरे देश का वो पहला राज्य है, जो किसानों के दर्द को समझ किसानों के धान की क़ीमत 2500 रुपया दे रहा है और दूसरी तरफ़ आपने उन्हीं किसानों पर गोलियां चलवाई हैं।

उन्होंने आगे कहा- 'जनहित में जो ऐतिहासिक फ़ैसले आपके भाजपा के मुख्यमंत्री रमन सिंह 15 साल में नही कर पाये वो हमारे मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने 18 माह में कर दिखाया और ये सिर्फ़ मैं कह नही रहा हूँ। छत्तीसगढ़ में हुए लोकसभा चुनाव, दंतेवाड़ा, चित्रकूट उप चुनाव नगर निगम, नगरपालिका, नगर पंचायत, ग्राम पंचायत चुनाव जनपद, ज़िला पंचायत चुनाव जीता जनता ने भूपेश बघेल के द्वारा जनहित में लिये गये फ़ैसलों पर अपनी मोहर लगा साबित कर दिया है कि छत्तीसगढ़ मे विकास की गंगा बह रही है।'

बता दें वर्चुअल रैली में मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने छत्तीसगढ़ की सरकार को सत्यनाशी सरकार करार दिया था। शिवराज सिंह चौहान ने कहा था कि- 'जब रमन सिंह मुख्यमंत्री थे, तब छत्तीसगढ़ का मतलब क्रेडिबल छत्तीसगढ़ हुआ करता था। लेकिन आज इसके मायने बदल गए हैं। आज इसका मतलब है, अराजक छत्तीसगढ़।'

और पढ़ें
Next Story