बिहार चुनाव 2020: मंत्री ने नीतीश में विश्वास, बिहार में विकास का नारा दिया, गिनवाए 15 वर्षों के कार्य
बिहार में विधानसभा चुनाव की सुगबुगाहट है। इसी बीच बिहार के जल संसाधन मंत्री संजय झा ने ट्वीट कर नारा दिया-नीतीश में विश्वास, बिहार में विकास। झा ने सरकार के बीते 15 वर्षों के कार्यों की भी सराहना की है।

बिहार के जल संसाधन मंत्री एवं जदयू राष्ट्रीय महासचिव संजय झा ने कहा कि सरकार ने बीते 15 वर्षों में सभी क्षेत्रों एवं वर्गों का न्याय के साथ विकास किया है। 15 वर्षों में राज्य के बजट का आकार आठ गुना से अधिक बढ़ गया है। पिछले वर्षों में बिहार की विकास दर लगातार राष्ट्रीय औसत से अधिक रही है।
अन्य ट्वीट में झा ने कहा है कि बिहार सरकार ने भारी बारिश एवं ओलावृष्टि से हुई फसल क्षति की प्रतिपूर्ति के लिए 730 करोड़ रुपए स्वीकृत किए थे। जिनमें अधिकतर राशि किसानों के खातों में भेजी जा चुकी है। सीएम नीतीश कुमार कहते हैं, सरकारी कोष पर पहला हक आपदा पीडि़तों का है।
तीसरे ट्वीट में झा ने राष्ट्रीय संगठन महासचिव आरसीपी सिंह के पार्टी प्रकोष्ठों संग 'गूगल मीट' एवं 'फेसबुक लाइव' पर संवाद की जानकारी दी है। बताया कि यह कार्यक्रम 15 जुलाई तक चलेगा। इसके साथ ही झा ने संबंधित प्रकोष्ठों के सभी साथियों से तय कार्यक्रम के मुताबिक इसमें भाग लेने की अपील की।