Hari bhoomi hindi news chhattisgarh

Bihar Assembly Elections 2020: नीतीश कुमार बोले- हमारे लिये पूरा बिहार परिवार, समाज के हर तबके के लिए किया काम

Bihar Assembly Elections 2020: जदयू अध्यक्ष नीतीश कुमार ने वर्चुअल रैली के दौरान कहा कि हमारे लिये पूरा बिहार परिवार है। हम समाज के हर तबके के लिये कार्य करते हैं। पर कुछ लोगों के लिये पति-पत्नी, बेटा-बेटी ही परिवार हैं। नीतीश कुमार की ओर से लालू यादव-राबड़ी देवी के राज पर भी जमकर हमला बोला गया।

bihar assembly elections 2020 the entire bihar family for nitish kumar
X

जदयू अध्यक्ष नीतीश कुमार ने वर्चुअल रैली के दौरान विरोधियों पर बोला हमला।

Bihar Assembly Elections 2020: जदयू अध्यक्ष नीतीश कुमार ने कल वर्चुअल रैली के माध्यम से बिहार विधानसभा चुनाव 2020 के चुनाव प्रचार का आगाज कर दिया। इस दौरान नीतीश कुमार नाम लिये बगैर लालू यादव, राबड़ी समेत उनके पूरे परिवार पर करारे हमले बोलते हुये नजर आये। नीतीश कुमार ने कहा कि हम समाज के हर तबके के उत्थान के लिए काम करते हैं। वहीं कुछ लोग सिर्फ जुबान चलाते हैं। ऐसे लोगों की ना तो काम करने में रुचि है और ना ही इन्हें अनुभव है। नीतीश कुमार ने भरोसा दिया कि हमारे लिए पूरा बिहार परिवार है। पर कुछ लोगों के लिए पति-पत्नी व बेटा-बेटी ही परिवार है।

जदयू अध्यक्ष नीतीश कुमार ने आपदा को लेकर बिहार सरकार द्वारा किये जा रहे कार्यों को भी जनता के बीच रखा गया। उन्होंने कहा कि किसानों को फसल क्षतिपूर्ति के लिए 970 करोड़ रुपये की स्वीकृति सरकार द्वारा दी गई है। नीतीश कुमार ने कहा कि आपदा पीड़ितों को पहले की सरकारों द्वारा कुछ नहीं दिया जाता था। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार ने योजना बना कर तय कर दिया कि आपदा पीड़ितों का सरकारी खजाने पर पहला अधिकार है।

वर्चुअल रैली के दौरान नाम लिये बिना नीतीश कुमार द्वारा लालू यादव परिवार पर भी जमकर हमला बोला गया। उन्होंने कहा कि प्रखंड स्तर के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर पति-पत्नी के राज में नाम मात्र के लिये इलाज हो पाता था! नीतीश कुमार ने कहा कि एक केंद्र पर एक महीने में औसतन 39 मरीज ही आते थे। नीतीश कुमार ने कहा कि हमारी सरकार ने स्थिति को सुधारा है। जिसके परिणाम स्वरूप अब एक प्रखंड स्तर के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र एक महीने मे औसतन 10 हजार मरीज उपचार के लिये पहुंच रहे हैं।

वर्चुअल रैली के दौरान नीतीश कुमार ने जनता को भरोसा भी दिया। नीतीश कुमार ने कहा कि सेवा ही हमारा धर्म है। हम सबकी सेवा करते हैं। सभी वर्गों-समुदायों के लोगों की सेवा व न्याय के साथ विकास। हमलोगों ने समाज में प्रेम, भाईचारा, सद्भावना और शांति स्थापित करने का काम किया है।

नीतीश कुमार ने रोजगार को लेकर पूर्व सरकारों को घेरा

नीतीश कुमार द्वारा रोजगार को लेकर भी पूर्व की सरकारों पर निशाना साधा गया। नीतीश कुमार ने कहा कि बिहार में गत 15 वर्षों में कुल 6 लाख 8 हजार 893 युवाओं की सरकारी नौकरियों में भर्ती की गई है। नीतीश कुमार ने कहा कि करीब 65 पदों पर नियुक्ति प्रक्रियाधीन है। नीतीश कुमार ने कहा कि हमसे पहले के 15 वर्षों में 10 साल झारखंड साथ रहने के बाद भी केवल 95,734 नौकरियां दी गई थी।

विकास के मुद्दों पर होगा इस बार विधानसभा चुनाव: जदयू नेता

वर्चुअल रैली को जल संसाधन मंत्री एवं जदयू नेता संजय कुमार झा ने भी संबोधित किया। इस दौरान संजय कुमार झा ने कहा कि नीतीश कुमार के विकास कार्यों की चर्चा बिहार में चारो ओर हो रही है। संजय कुमार झा ने कहा कि हमारी सरकार की सबसे बड़ी उपलब्धि यह है कि इस बार का बिहार विधानसभा चुनाव विकास के मुद्दों को लेकर होने जा रहा है। संजय कुमार झा ने कहा कि यह चुनाव जात-पात के मुद्दों को लेकर नहीं होगा।

आज भी वर्चुअल रैली के माध्यम से जनता से जुड़ेंगे नीतीश कुमार: संजय कुमार झा

संजय कुमार झा ने बताया कि आज भी जदयू अध्यक्ष नीतीश कुमार वर्चुअल रैली के माध्यम से जनता से जुड़ेंगे। उन्होंने आज सुबह 11 बजे व शाम 4 बजे जनता से नीतीश कुमार के निश्चय संवाद से जुड़ने की अपील की है। वहीं उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार ने बिहार का विकास सुनिश्चित किया है। नीतीश कुमार ने बिहार को सक्षम एवं स्वावलंबी प्रदेश बनाने का निश्चय किया है। वहीं संजय कुमार झा ने दावा किया कि जनता ने नीतीश कुमार को फिर से चुनने का मन बना लिया है।

और पढ़ें
Next Story