Panchayat Election: मतदाता सूचियां हिमाचल चुनाव आयोग की वेबसाइट पर उपलब्ध
हिमाचल में पंचायत चुनाव के दिन जैसे-जैसे नजदीक आते जा रहे हैं वैसे-वैसे प्रदेश में तैयारियों ने जोर पकड़ रखा है। अब राज्य में पंचायतीराज संस्थाओं के चुनाव के लिए 3500 पंचायतों की मतदाता सूचियां फाइनल हो गई हैं।

प्रतीकात्मक तस्वीर
हिमाचल में पंचायत चुनाव के दिन जैसे-जैसे नजदीक आते जा रहे हैं वैसे-वैसे प्रदेश में तैयारियों ने जोर पकड़ रखा है। अब राज्य में पंचायतीराज संस्थाओं के चुनाव के लिए 3500 पंचायतों की मतदाता सूचियां फाइनल हो गई हैं। अब सिर्फ 115 नई पंचायतों की मतदाता सूचियों का 18 दिसंबर तक अंतिम प्रकाशन होगा। मतदाता सूचियां हिमाचल चुनाव आयोग की वेबसाइट पर भी उपलब्ध करा दी जाएंगी। इन पंचायतों की मतदाता सूचियों की बीस-बीस प्रतियां प्रकाशित कर संबंधित जिलों, ब्लॉकों और पंचायतों को उपलब्ध करवा दी जाएंगी।
प्रदेश में इस बार 12 जिलों में कुल 3615 पंचायतें बनी हैं। पिछली बार कुल 3226 पंचायतों में चुनाव करवाए गए थे। इस बार 412 नई पंचायतें गठित की गई थीं। इनमें 23 पंचायतें नगर निगमों, नगर परिषदों और नगर पंचायतों में शामिल हुई हैं। अब कुल 389 पंचायतों बनी हैं। इन्हें मिलाकर कुल 3615 पंचायतों में चुनाव होने हैं। सरकार ने पंचायतों, पंचायत समिति और जिला परिषद की वार्डबंदी भी कर ली है। इस बार प्रदेश की 3615 पंचायतों में 21,384 वार्ड बनाए गए हैं। पंचायत समिति में 1792 और जिला परिषद से 249 वार्ड हैं। इनमें पंचायतीराज संस्थाओं के चुनाव कराए जाने हैं।
आरक्षण रोस्टर का मामला सरकार के पास 14 को जाएगा। पंचायत चुनाव के लिए आरक्षण रोस्टर का मामला सरकार के पास 14 दिसंबर को जाएगा। ग्रामीण विकास एवं पंचायतीराज विभाग के अधिकारियों के अनुसार जिलों में चुनाव के लिए आरक्षण रोस्टर तैयार किया जा चुका है। इसे जिलों में जारी करने से पहले सरकार से हरी झंडी ली जानी है। जिला परिषद अध्यक्ष पद के लिए ग्रामीण विकास एवं पंचायतीराज निदेशालय में रोस्टर तैयार हो रहा है। इसे भी सरकार से मंजूरी के बाद जारी किया जाएगा।