सेलिना जेटली को मिली बड़ी कानूनी मदद: UAE में हिरासत में बंद मेजर भाई के लिए दिल्ली हाईकोर्ट ने उठाया बड़ा कदम

अभिनेत्री सेलिना जेटली के भाई (रिटायर्ड) मेजर विक्रांत कुमार जेटली | Instagram
Celina Jaitly Brother: बॉलीवुड अभिनेत्री सेलिना जेटली बीते कई महीनों से निजी संघर्ष से गुजर रही हैं। उनके रिटायर्ड मेजर भाई विक्रांत कुमार जेटली सितंबर 2024 से यूएई में हिरासत में बंद हैं। इसके चलते सेलिना अपने भाई को वापस भारत लाने के लिए कानूनी लड़ाई लड़ रही हैं। इसी बीच अब सेलिना को एक अहम कानूनी राहत मिली है, जिससे उनकी उम्मीदें और मजबूत हुई हैं।
ANI की रिपोर्ट के अनुसार, दिल्ली हाई कोर्ट ने इस मामले में दखल देते हुए विदेश मंत्रालय (MEA) को निर्देश दिया है कि वह यूएई की एक प्रतिष्ठित लॉ फर्म को विक्रांत जेटली का कानूनी प्रतिनिधित्व करने की अनुमति दे। इस आदेश के बाद सेलिना जेटली ने सोशल मीडिया पर एक भावुक पोस्ट साझा कर अपनी प्रतिक्रिया जाहिर की। इस मामले की अगली सुनवाई 10 फरवरी को निर्धारित की गई है।
#WATCH | Delhi: Speaking on retired Indian Army Major Vikrant Jaitly's case, Celina Jaitly's advocate, Raghav Kacker, says, "We have got a really good order from the Delhi High Court... The Justice has agreed to direct the MEA to appoint a lawyer we had found in Dubai... who has… pic.twitter.com/wTfJybPI9X
— ANI (@ANI) February 3, 2026
सेलिना ने सोशल मीडिया पर जाहिर की खुशी
सेलिना ने लिखा कि दिल्ली हाई कोर्ट के इस फैसले ने एक सैनिक के अधिकार और सम्मान को बहाल किया है। उन्होंने बताया कि कई महीनों की लगातार कोशिशों के बाद अब उनके भाई के लिए यूएई में कानूनी प्रतिनिधित्व सुनिश्चित हो पाया है। कोर्ट के आदेश के तहत खालिद अलमारी एंड पार्टनर्स एडवोकेट्स को दुबई और अबू धाबी में विक्रांत जेटली का प्रतिनिधित्व करने की अनुमति दी गई है।
अभिनेत्री ने यह भी बताया कि यह लॉ फर्म यूएई की जानी-मानी और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित कानूनी संस्थाओं में से एक है, जो उनके भाई का केस पूरी तरह नि:शुल्क लड़ने के लिए तैयार हुई है। यह नियुक्ति विदेश मंत्रालय के माध्यम से की गई है, ताकि वियना कन्वेंशन के तहत विक्रांत जेटली के अधिकारों की रक्षा हो सके।
सेलिना ने अपने पोस्ट में लॉ फर्म के प्रमुख सदस्यों और भारत में उनके कानूनी सलाहकारों का आभार जताया। उन्होंने विदेश मंत्रालय पर भरोसा जताते हुए कहा कि उन्हें विश्वास है कि यूएई की अदालतों और वहां के नेतृत्व के सहयोग से उनके भाई को न्याय मिलेगा।
उन्होंने भावुक शब्दों में लिखा कि यह पूरा प्रयास भारत और यूएई के मजबूत और सम्मानजनक संबंधों को भी दर्शाता है। साथ ही उन्होंने उम्मीद जताई कि वह अपने उस भाई को वापस ला पाएंगी, जिसने अपने जीवन का बड़ा हिस्सा देश की सेवा में समर्पित किया है।
प्रीति जिंटा ने सेलिना का किया सपोर्ट
इस पोस्ट पर फिल्म इंडस्ट्री से भी समर्थन मिला। अभिनेत्री प्रीति जिंटा ने कमेंट करते हुए सेलिना को हौसला दिया और कहा कि चीजें सही दिशा में आगे बढ़ रही हैं और उन्हें मजबूत बने रहना चाहिए।
