Dhurandhar 2 Controversy: फिल्म 'धुरंधर: द रिवेंज' को लेकर विवाद थमता नजर नहीं आ रहा है। हाल ही में सिख समुदाय की ओर से फिल्म के एक सीन पर आपत्ति जताते हुए FIR दर्ज कराई गई, साथ ही मेकर्स से माफी की मांग की गई।इसपर अब अभिनेता आर. माधवन ने सामने आकर पूरे मामले पर अपनी सफाई दी है।
क्या है पूरा मामला?
सिख समुदाय का आरोप है कि फिल्म में एक सीन के दौरान आर माधवन का किरदार सिगरेट पीते हुए गुरु गोबिंद सिंह जी के दसम ग्रंथ की पंक्तियां बोलता नजर आया, जिससे धार्मिक भावनाएं आहत हुईं। इस शिकायत के बाद मुंबई के मुलुंड पुलिस स्टेशन में FIR दर्ज की गई।
माधवन ने वीडियो जारी कर दी सफाई
विवाद बढ़ने के बाद आर माधवन ने एक वीडियो शेयर कर स्पष्ट किया कि सीन को लेकर गलतफहमी फैली है। उन्होंने कहा कि जब वह दसम ग्रंथ की पंक्तियां बोल रहे थे, उस समय उन्होंने सिगरेट बुझा दी थी और स्क्रीन पर कहीं भी धुआं नहीं दिखाया गया।
माधवन ने कहा, “हमें पता चला है कि कुछ लोगों को इस सीन से आपत्ति है, लेकिन मैं भरोसा दिलाना चाहता हूं कि मैंने पंक्तियां बोलते वक्त स्मोकिंग नहीं की थी। यह पूरी तरह गलतफहमी है।”
'हम सिख समुदाय का आदर करते हैं...'
एक्टर ने आगे कहा कि वह सिख समुदाय का बहुत सम्मान करते हैं और कभी भी किसी की भावनाओं को ठेस पहुंचाने का इरादा नहीं रखते। उन्होंने यह भी बताया कि वह अपनी फिल्मों की रिलीज से पहले हमेशा स्वर्ण मंदिर जाकर माथा टेकते हैं।
उन्होंने यह भी जोड़ा कि सीन की शुरुआत में उनके हाथ में सिगरेट जरूर थी, लेकिन बाद में उन्होंने उसे बुझा दिया था। अगर फिर भी किसी की भावनाएं आहत हुई हैं, तो वह इसके लिए दिल से माफी मांगते हैं।
सिख संगठन ने लगाए आरोप
‘सिख्स इन महाराष्ट्र’ संगठन के अध्यक्ष गुरज्योत सिंह कीर ने शिकायत दर्ज कराते हुए कहा कि पवित्र गुरबाणी का इस तरह चित्रण करना असंवेदनशील और अनुचित है। उन्होंने फिल्म के मेकर्स और कलाकारों से माफी की मांग की है।









