Sidhu Moosewala: मौत के 3 साल बाद 'सिद्धू मूसेवाला वर्ल्ड टूर' का ऐलान; कैसे और क्या होगा खास? जानें

'सिद्धू मूसेवाला वर्ल्ड टूर' का ऐलान, जानें क्या हैं इसमें खास
Sidhu Moosewala World Tour: पंजाबी म्यूजिक इंडस्ट्री के सुपरस्टार सिद्धू मूसेवाला को भले ही दुनिया छोड़े तीन साल हो गए हों, लेकिन उनकी पॉपुलैरिटी और प्रभाव आज भी जिंदा हैं। इसी बीच उनके नाम से वर्लड टूर अनाउंस हो चुका है। सिद्धू मूसेवाला के आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट से एक बड़ा ऐलान किया गया है जिसमें 'साइन्ड टू गॉड' नाम से एक वर्ल्ड टूर का ऐलान हुआ है। ये टूर 2026 में आयोजित होगा।
इस घोषणा ने फैंस और म्यूज़िक इंडस्ट्री दोनों को चौंका दिया है, क्योंकि यह भारत के किसी भी कलाकार का पहला मरणोपरांत वर्ल्ड टूर होगा। इस टूर में क्या होगा खास? मूसेवाला की मौत के बाद वो कैसे परफॉर्म करेंगे, इन सबकी डीटेल्स यहां जानिए...
कैसे होगा मूसेवाला वर्ल्ड टूर?
ट्रिब्यून और टूर की वेबसाइट पर दी गई जानकारी के अनुसार, यह टूर सिद्धू मूसेवाला के सबसे फेमस गानों को नए अंदाज में पेश करेगा। इस शो की सबसे खास बात यह होगी कि स्टेज पर खुद सिद्धू मौजूद नहीं होंगे, बल्कि उनकी AI-आधारित 3D होलोग्राफिक प्रोजेक्शन और सिनेमैटिक विजुअल्स के जरिए उन्हें दर्शकों के सामने जीवंत किया जाएगा।
इसके साथ उनकी ओरिजिनल वॉइस रिकॉर्डिंग के जरिए एक इमोशनल कंटेंट तैयार किया जाएगा, जिससे फैंस को ऐसा महसूस होगा कि वास्तव में वे सिद्धू के लाइव कॉन्सर्ट को देख रहे हैं।
कहां और कब होगा टूर?
हालांकि टूर की तारीखें और लोकेशन की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन वेबसाइट पर दिए गए प्रोमोशनल कंटेंट में कुछ हिंट दिए गए हैं जिसमें- पंजाब से टोरंटो, लंदन से लॉस एंजेलिस तक ये आयोजन हो सकता है। हो सकता है कि ये टूर भारत सहित उत्तरी अमेरिका और यूरोप के कई प्रमुख शहरों में आयोजित किया जाएगा।
कौन थे सिद्धू मूसेवाला?
सिद्धू मूसेवाला की मई 2022 में पंजाब में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। वो आज भी भारतीय म्यूजिक इंडस्ट्री की बड़ी हस्ती माने जाते हैं।उनकी फैन फॉलोइंग भारत से लेकर कनाडा, यूएस, यूके और ऑस्ट्रेलिया तक फैली हुई है, और उनके गाने डिजिटल प्लेटफॉर्म्स काफी फेमस हैं।
