आकाश पवार - पेंड्रा। पेंड्रा रोड के वीआईपी क्षेत्र में स्थित शासकीय कार्यालयों का परिसर इन दिनों जनसेवा से ज्यादा ‘जामसेवा’ के लिए चर्चा में है। तहसील, जिला कोषालय और अन्य महत्वपूर्ण विभागों के बीच बाउंड्री वॉल के पास रोजाना शराब और बीयर की खाली बोतलें मिल रही हैं, जिससे पूरे इलाके की छवि धूमिल हो रही है।
सरकारी दफ्तरों के बीच 'ओपन बार' का माहौल
इस संवेदनशील क्षेत्र में रोजाना शराब की खाली बोतलें मिलने से ऐसा प्रतीत होता है मानो यहां किसी अनौपचारिक “ओपन बार” का संचालन हो रहा हो। जिला कोषालय, तहसील कार्यालय, जनपद पंचायत, SDM ऑफिस, महिला एवं बाल विकास विभाग और जन औषधि केंद्र जैसे महत्वपूर्ण महकमों के बीच यह गतिविधि प्रशासन की बड़ी नाकामी को दर्शाती है।
#पेंड्रा रोड के VIP इलाके में सरकारी दफ्तरों के बीच शराब की खाली बोतलें मिलने का सिलसिला जारी, प्रशासनिक लापरवाही पर नागरिकों में आक्रोश बढ़ा।@GPM_DIST_CG #Emptyliquorbottles #governmentofficeRoad pic.twitter.com/SD3ooMXGUi
— Haribhoomi (@Haribhoomi95271) March 26, 2026
अधिकारी अनजान, नागरिक परेशान
आसपास मौजूद कई कार्यालयों में महिलाओं और आम नागरिकों की नियमित आवाजाही रहती है। ऐसे में शाम ढलते ही माहौल बदल जाना लोगों में असहजता और नाराजगी का कारण बन रहा है। हैरानी की बात यह है कि संबंधित अधिकारी इस पूरे मामले से “अनजान” बने हुए हैं, जबकि समस्या रोजाना उनकी आंखों के सामने ही पनप रही है।
प्रशासन की नाक के नीचे चल रही ‘शाम की महफिल’
स्थानीय लोगों का कहना है कि यह गतिविधि कई दिनों से जारी है, लेकिन न तो निगरानी बढ़ाई गई और न ही किसी प्रकार की कार्रवाई हुई। सवाल यह है कि आखिर इस VIP इलाके में रोज शाम को शराबखोरी करने वाले कौन हैं और कब तक अधिकारी जिम्मेदारी से किनारा करते रहेंगे?










