Indian Idol 3 के विजेता प्रशांत तमांग का निधन: 43 की उम्र में दिल का दौरा पड़ने से हुआ देहांत, संगीत जगत में शोक की लहर

Indian Idol 3 winner Prashant Tamang death News
X

Indian Idol 3 के विजेता और पाताल लोक फेम प्रशांत तमांग का 43 साल की उम्र में दिल्ली में हार्ट अटैक से निधन हो गया।

Indian Idol 3 के विजेता और पाताल लोक फेम प्रशांत तमांग का 43 साल की उम्र में दिल्ली में हार्ट अटैक से निधन हो गया। जानिए उनके करियर और जीवन से जुड़ी पूरी जानकारी।

Indian Idol 3 winner Prashant Tamang death News: म्यूजिक और अभिनय जगत से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। इंडियन आइडल सीजन 3 के विजेता और वेब सीरीज पाताल लोक में अहम भूमिका निभाने वाले सिंगर-एक्टर प्रशांत तमांग का 43 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। बताया जा रहा है कि दिल्ली में उन्हें अचानक हार्ट अटैक आया, जिसके बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया, लेकिन यह प्रयास सफल नहीं हो सका।

दिल्ली में हुआ निधन

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, प्रशांत तमांग की तबीयत रविवार सुबह अचानक बिगड़ गई थी। उन्हें दिल्ली के द्वारका स्थित एक अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। उनके करीबी मित्र, संगीतकार और फिल्म निर्माता राजेश घटानी ने उनके निधन की पुष्टि की है। बताया गया है कि प्रशांत हाल ही में अरुणाचल प्रदेश में एक लाइव शो करके लौटे थे।

अंतिम संस्कार को लेकर अभी नहीं आई जानकारी

फिलहाल प्रशांत तमांग के अंतिम संस्कार को लेकर परिवार की ओर से कोई आधिकारिक जानकारी साझा नहीं की गई है। उनके अचानक निधन से फैंस और म्यूजिक इंडस्ट्री में शोक की लहर है।

राजू बिष्टा ने जताया शोक

सांसद दार्जिलिंग से सांसद और भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता राजू बिष्टा ने प्रशांत तमांग के निधन पर गहरा दुख जताया। उन्होंने कहा कि इंडियन आइडल के मंच से हिंदी और नेपाली संगीत जगत में पहचान बनाने वाले प्रशांत का यूं चले जाना कला जगत के लिए बड़ा झटका है। उन्होंने इसे खास तौर पर नेपाली/गोरखा समाज के लिए अपूरणीय क्षति बताया।

परिवार में पत्नी और बेटी को छोड़ गए पीछे

प्रशांत तमांग अपने पीछे पत्नी गीता थापा और बेटी आरिया को छोड़ गए हैं। उन्होंने वर्ष 2011 में नागालैंड में गीता थापा से विवाह किया था। परिवार और करीबी इस खबर से सदमे में हैं।

संगीत के साथ अभिनय में भी बनाई पहचान

इंडियन आइडल 3 जीतने के बाद प्रशांत तमांग ने सिर्फ गायन तक खुद को सीमित नहीं रखा। उन्होंने कई नेपाली फिल्मों में अभिनय किया, जिनमें गोरखा पलटन, अंगालो यो माया को, किना माया मा, निशानी और परदेशी जैसी फिल्में शामिल हैं।

'पाताल लोक 2' में निभाया अहम किरदार

प्रशांत तमांग ने चर्चित वेब सीरीज पाताल लोक सीजन 2 में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। इस सीरीज में उन्होंने डैनियल आचो का किरदार निभाया, जिसे दर्शकों ने काफी सराहा।

दार्जिलिंग से इंडियन आइडल तक का सफर

4 जनवरी 1983 को पश्चिम बंगाल के दार्जिलिंग में जन्मे प्रशांत तमांग ने इंडियन आइडल 3 जीतकर देशभर में पहचान बनाई थी। उनकी सादगी और आवाज ने उन्हें लाखों दिलों का चहेता बना दिया।

WhatsApp Button व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ें WhatsApp Logo

Tags

Next Story