Raajneeti 2: बॉलीवुड की चर्चित राजनीतिक ड्रामा फिल्म राजनीति के फैंस के लिए बड़ी खबर सामने आई है। पिल्म राजनीति के सीक्वल के ऐलान के बाद इसके निर्देशक प्रकाश झा ने पुष्टि कर दी है कि फिल्म पर काम शुरू हो चुका है।
हाल ही में दिए एक इंटरव्यू में उन्होंने बताया कि फिल्म फिलहाल प्री-प्रोडक्शन स्टेज में है और वह इस पर एक्टिवली से काम कर रहे हैं।
कैसी होगी ‘राजनीति 2’ की कहानी
एक बातचीत के दौरान जब प्रकाश झा से पूछा गया कि क्या उन्होंने कभी पौराणिक कथाओं पर फिल्म बनाने के बारे में सोचा है, तो उन्होंने कहा कि उनकी फिल्मों में अक्सर महाकाव्यों और पौराणिक कथाओं का प्रभाव रहता है।
उन्होंने बताया कि वह अपने किरदारों, घटनाओं और ड्रामा के लिए लगातार महाकाव्यों और मिथकों से प्रेरणा लेते हैं। यही वजह है कि राजनीति 2 की कहानी में भी इन सोर्स से कई तत्व शामिल किए जा रहे हैं।
चैलेंजिंग होगा विषय
प्रकाश झा ने यह भी स्वीकार किया कि राजनीतिक और सामाजिक मुद्दों को उठाने वाली फिल्मों पर काम करना हमेशा मुश्किल रहा है। उनके मुताबिक, आज के दौर में सोशल मीडिया के कारण यह चुनौती और भी बढ़ गई है।
उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर लोग अपनी राय तुरंत व्यक्त कर देते हैं, जिससे किसी भी बयान या कहानी की कई तरह की व्याख्याएं होने लगती हैं। ऐसे माहौल में किसी विषय को संतुलित और जिम्मेदारी के साथ पेश करना जरूरी हो जाता है।
2010 में रिलीज हुई थी ‘राजनीति’
साल 2010 में रिलीज हुई राजनीति को दर्शकों और आलोचकों से जबरदस्त प्रतिक्रिया मिली थी। इस फिल्म में रणबीर कपूर, अजय देवगन, कैटरीना कैफ, नाना पाटेकर, मनोज बायपेयी और नसीरुद्दीन शाह जैसे कई दिग्गज कलाकार नजर आए थे।
फिल्म 4 जून 2010 को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी और इसकी कहानी, दमदार किरदारों और राजनीतिक ड्रामा को दर्शकों ने खूब पसंद किया था।









