सौम्या यादव- धमतरी। धमतरी जिले के ग्राम परसवानी में रहने वाले डायमंड सिंह ध्रुव ने UPSC में 623 वीं रैंक हासिल का पूरे छत्तीसगढ़ का नाम रोशन किया। गुरूवार को जिले के कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने डायमंड सिंह ध्रुव से भेंट की। कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने कहा कि, डायमंड की यह उपलब्धि पूरे जिले के लिए गर्व का विषय है।
कलेक्टर श्री मिश्रा ने डायमंड ध्रुव को उनकी सफलता पर मुंह मीठा कराते हुए बधाई दी और कहा कि, उनकी इस उपलब्धि से जिले के अन्य युवाओं को भी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए प्रेरणा मिलेगी। इस दौरान कलेक्टर ने उनसे आत्मीय चर्चा करते हुए उनकी पढ़ाई, आगे की योजनाओं और पारिवारिक पृष्ठभूमि के बारे में जानकारी ली। उन्होंने अपने प्रशासनिक सेवा में आने से पहले के अनुभव भी साझा किए।

उनकी माता एक शासकीय विद्यालय शिक्षिका हैं
बताया जा रहा है कि, उन्हें अखिल भारतीय स्तर पर 623वीं रैंक प्राप्त हुई है। उनके पिता स्वर्गीय बलराम सिंह ध्रुव मगरलोड जनपद पंचायत में करारोपण अधिकारी के पद पर कार्यरत थे, जिनका निधन हो चुका है, जबकि उनकी माता एक शासकीय विद्यालय में शिक्षिका हैं।
डायमंड की यह उपलब्धि पूरे जिले के लिए है गर्व का विषय
कलेक्टर श्री मिश्रा ने कहा कि, डायमंड की यह उपलब्धि पूरे जिले के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए विश्वास व्यक्त किया कि वे आगे चलकर अपनी सेवाओं से समाज और राष्ट्र के विकास में महत्वपूर्ण योगदान देंगे।
ये लोग रहे मौजूद
इस अवसर पर सीईओ जिला पंचायत गजेन्द्र सिंह ठाकुर, एसडीएम कुरूद नभ सिंह कोसले, जनपद पंचायत मगरलोड की अध्यक्ष दिव्या ठाकुर, अन्य अधिकारी तथा क्षेत्र के जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।









