Lara Dutta: मिडिल-ईस्ट में बढ़ते तनाव के बीच कई बॉलीवुड स्टार्स दुबई में फंस गए थे। पिछले दिनों अभिनेत्री लारा दत्ता (Lara Dutta) भी वहां फंस गई थीं जो अब अपनी 14 वर्षीय बेटी के साथ सुरक्षित मुंबई लौट आई हैं। हाल ही में उन्होंने बताया कि दुबई से भारत लौटने का सफर उनके लिए बेहद डरावना और मुश्किलों से भरा हुआ था।
दुबई में हर दिन हो रही बमबारी से बढ़ी चिंता
हिंदुस्तान टाइम्स को दिए इंटरव्यू में लारा दत्ता ने बताया कि वह दुबई में जिस जगह रह रही थीं, वहां से करीब 10 किलोमीटर दूर जिबेल अली पोर्ट था, जहां लगातार बमबारी की खबरें आ रही थीं। इस वजह से हालात काफी तनावपूर्ण थे और उन्होंने जोखिम उठाकर भारत लौटने का फैसला किया।
उन्होंने कहा कि वह अपनी बेटी के साथ दो घंटे का सफर तय करके फुजैराह पहुंचीं। दिलचस्प बात यह है कि वहां का पोर्ट और तेल रिफाइनरी भी एक दिन पहले ही हमले की चपेट में आ चुके थे। ऐसे माहौल में यात्रा करना उनके लिए बेहद डरावना अनुभव रहा।
एयरपोर्ट पर भी सुनाई दे रहे थे धमाके
अभिनेत्री ने बताया कि जब वे एयरपोर्ट पर थीं, तब भी उन्हें दूर-दूर से धमाकों की आवाजें सुनाई दे रही थीं। उस समय हर किसी के मन में बस यही उम्मीद थी कि कोई बड़ा हादसा न हो। उन्होंने कहा- "मैं मजाक में अपने को-स्टार अक्षय कुमार से कहा रही थी कि मानो मैं उनकी फिल्म एयरलिफ्ट के दूसरे भाग की कहानी का हिस्सा बन गई हों। इस अनुभव का असर मेरी बेटी पर जरूर पड़ेगा और संभव है कि वह इस घटना को लेकर कुछ समय तक मानसिक तनाव महसूस करे।"
‘शायद वह मेरा आखिरी वीडियो होता’
लारा दत्ता ने यह भी बताया कि उन्होंने दुबई में फंसे होने का वीडियो सोशल मीडिया पर एक खास वजह से पोस्ट किया था। उनके मुताबिक, जब वह अपनी बेटी के साथ अकेले इतने जोखिम भरे सफर पर निकल रही थीं, तो उनके मन में एक पल के लिए यह भी आया कि कहीं यह वीडियो उनका आखिरी संदेश न बन जाए।
उन्होंने कहा कि उस समय हालात इतने अनिश्चित थे कि किसी को भी यह अंदाजा नहीं था कि आगे क्या होने वाला है। इसलिए उन्होंने एहतियातन वह वीडियो साझा किया।
वर्कफ्रंट की बात करें तो लारा दत्ता जल्द ही फिल्म वेलकम टू द जंगल में नजर आने वाली हैं, जिसमें अक्षय कुमार मुख्य भूमिका निभा रहे हैं।









