Salim Khan health update: बॉलीवुड के दिग्गज स्क्रीनराइटर सलीम खान की सेहत को लेकर राहत भरी खबर सामने आई है। उनके बेटे और अभिनेता-निर्माता अरबाज खान (Arbaaz Khan) ने बताया है कि सलीम खान की तबीयत अब पहले से बेहतर है और वह तेजी से रिकवर कर रहे हैं। उम्मीद जताई जा रही है कि उन्हें जल्द ही अस्पताल से छुट्टी मिल सकती है।
अरबाज खान ने दिया हेल्थ अपडेट
मुंबई में आयोजित एक इफ्तार कार्यक्रम के बाद मीडिया से बातचीत में अरबाज खान ने अपने पिता की सेहत के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सलीम खान की हालत में लगातार सुधार हो रहा है।
अरबाज ने कहा, “वह अब बेहतर हैं और लगातार सुधार हो रहा है।” जब उनसे पूछा गया कि सलिम खान को अस्पताल से कब छुट्टी मिल सकती है, तो उन्होंने मुस्कुराते हुए जवाब दिया, “बहुत जल्द।”

पिछले महीने अस्पताल में हुए थे भर्ती
रिपोर्ट्स के मुताबिक, 17 फरवरी को 90 वर्षीय सलिम खान को हल्के ब्रेन हेमरेज के बाद मुंबई के लीलावती अस्पताल में भर्ती कराया गया था। अस्पताल में उन्हें तुरंत चिकित्सा देखभाल दी गई और एक छोटा मेडिकल प्रोसीजर भी किया गया।
इसके बाद से डॉक्टरों की निगरानी में उन्हें आईसीयू में रखा गया था। डॉक्टरों ने उनकी हालत को स्थिर बताया था और लगातार मॉनिटरिंग की जा रही थी।
परिवार ने रखी थी प्राइवेसी
सलिम खान के अस्पताल में भर्ती होने के बाद उनके परिवार ने लंबे समय तक इस बारे में सार्वजनिक रूप से कोई बयान नहीं दिया था। परिवार ने उनकी सेहत को लेकर गोपनीयता बनाए रखने का फैसला किया था।
हालांकि फिल्म इंडस्ट्री के कई करीबी दोस्त और कलाकार अस्पताल में उनसे मिलने पहुंचे थे। इससे पहले आमिर खान, चित्रांगदा सिंह और डेजी शाह जैसे सितारों ने भी फैंस को बताया था कि सलीम खान की तबीयत में सुधार हो रहा है।









