साजिद खान व्हीलचेयर में आए नजर: कहा- 'एक्सीडेंट हो गया यार', पैर की सर्जरी के बाद दिया हेल्थ अपडेट

फिल्ममेकर साजिद खान ने अपने पैर की सर्जरी के बाद हेल्थ अपडेट दी। (Photo- Instagram)
Sajid Khan Health Update: बॉलीवुड फिल्ममेकर साजिद खान हाल ही में एक दुर्घटना का शिकार हो गए, जिसके बाद उन्हें सर्जरी करानी पड़ी। उनकी चोट की खबर ने उनके फैंस को चिंतित कर दिया था, लेकिन अब उनका हाल देखने के बाद सभी को राहत मिली है। हाल ही में साजिद एक अपकमिंग रिएलिटी शो के सेट के बाहर व्हीलचेयर पर नजर आए।
पैर की सर्जरी पर साजिद खान ने दिया अपडेट
साजिद को मुंबई में एक फिल्म सेट पर चोट लगी थी और अगले ही दिन उनकी सर्जरी की गई। हाल ही में उन्हें द व्हील ऑफ फॉर्च्यून इंडिया के सेट पर व्हीलचेयर में देखा गया। जब मीडिया ने उनसे पूछा, "कैसे हो सर?" तो उन्होंने मजाकिया अंदाज में जवाब दिया, "दिख रहा है, कैसा हूं। ये कोई पूछने की बात है कैसे हूं। एक्सीडेंट हो गया यार, ये टांग में सर्जरी हुई है, ये टांग फ्रैक्चर हो गया।"
साजिद खान सेट पर हुए थे घायल
हिंदुस्तान टाइम्स की रिपोर्ट के अनुसार, साजिद खान को यह दुर्घटना एकता कपूर के सेट पर दिसंबर 2025 के अंत में हुई थी। चोट के बाद उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया और उनकी सर्जरी कर दी गई। इससे पहले साजिद की बहन और कोरियोग्राफर फराह खान ने फैंस को अपडेट देते हुए कहा, "सर्जरी हो गई है, अब वह पूरी तरह ठीक हैं।"
व्हील ऑफ फॉर्च्यून इंडिया का प्रीमियर
साजिद के स्वास्थ्य अपडेट के साथ ही फैंस के लिए खुशखबरी है कि व्हील ऑफ फॉर्च्यून इंडिया का ग्रैंड प्रीमियर 27 जनवरी 2026 को होगा। इस शो को अक्षय कुमार होस्ट करेंगे। यह शो सोमवार से शुक्रवार रात 9 बजे सोनी TV, सोनी लिव और OTT प्ले प्रीमियम पर प्रसारित होगा।
2018 में मीटू मूवमेंट के दौरान साजिद खान के खिलाफ गंभीर आरोप लगे, जिसके बाद उन्होंने इंडस्ट्री से लंबा ब्रेक लिया। सालों बाद, साजिद ने बिग बॉस 16 में टीवी के जरिए से कमबैक किया और अब उन्हें व्हील ऑफ फॉर्च्यून इंडिया में देखा जाएगा।
