Parag Tyagi: शेफाली जरीवाला की मौत के बाद पराग त्यागी ने उठाया बड़ा कदम, 8 महीने बाद आई हिम्मत

दिवंगत पत्नी शेफाली जरीवाला के साथ पराग त्यागी (Photo- Instagram)
Parag Tyagi: अभिनेत्री-मॉडल शेफाली जरीवाला के अचानक निधन से उनके पति व एक्टर पराग त्यागी काफी समय तक सदमे में रहे। सोशल मीडिया पर वह अक्सर अपनी पत्नी के साथ बिताए लम्हों को याद करते रहते हैं। अब हाल ही में उन्होंने अपनी लाइफ से जुड़ी बड़ी अपडेट साझा की है। शेफाली जरीवाला के निधन के करीब आठ महीने बाद एक बार फिर पराग काम पर वापसी करने जा रहे हैं।
लंबे समय से निजी दुख से जूझ रहे पराग ने सोशल मीडिया के ज़रिए अपने नए प्रोजेक्ट की झलक साझा कर यह जानकारी दी। इंस्टाग्राम पर उन्होंने अपने आगामी नए शो का एक टीजर शेयर करते हुए शेफाली को याद किया है। कैप्शन में लिखा, “जल्द ही… चंदनबाला।” पराग के इस नए प्रोजेक्ट पर टीवी इंडस्ट्री के तमाम कलाकारों ने उन्हें बधाई दी है।
पराग की करीबी दोस्त और टीवी अभिनेत्री आरती सिंह ने कमेंट करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं, वहीं अभिनेत्री जसवीर कौर ने भी उनकी तारीफ की। इंडस्ट्री से मिल रहे इस समर्थन ने पराग के फैंस को भी भावुक कर दिया।
पराग त्यागी कई पॉपुलर शोज में आ चुके नजर
पराग त्यागी ने अपने अभिनय करियर की शुरुआत मशहूर टीवी शो 'पवित्र रिश्ता' से की थी, जिसमें उन्होंने विनोद करंजकर का किरदार निभाया था। इसके बाद वह 'ब्रह्मराक्षस', 'जोधा अकबर' और 'शक्ति – अस्तित्व के एहसास की' जैसे चर्चित सीरयल्स में नज़र आए। टेलीविजन के अलावा पराग फिल्मों में भी नजर आ चुके हैं। उन्होंने फिल्म 'ए वेडनसडे!' से बॉलीवुड में डेब्यू किया।
शेफाली जरीवाला की मौत
शेफाली जरीवाला को साल 2002 के सुपरहिट म्यूज़िक वीडियो 'कांटा लगा' से जबरदस्त पहचान मिली थी। शेफाली का 28 जून को मुंबई में अचानक निधन हो गया। वह महज 42 साल की थीं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, जब वह घर पर बेहोश पाई गईं तो पराग उन्हें तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

शेफाली शुरुआती 2000 के दशक में पॉप कल्चर का बड़ा चेहरा बन गई थीं। कांटा लगा की अपार सफलता के बाद उन्हें सलमान खान की फिल्म 'मुझसे शादी करोगी' में भी देखा गया। इसके अलावा वह वेब सीरीज़ 'बेबी कम ना' और कई डांस रियलिटी शोज़ जैसे 'बूगी वूगी' और 'नच बलिए' का हिस्सा रहीं। उन्होंने बिग बॉस 13 में भी भाग लिया था, जहां वह अपने दोस्त और एक्स-बॉयफ्रेंड सिद्धार्थ शुक्ला के साथ नज़र आईं।
