OSCARS: ऑस्कर एकेडमी के पेज पर छाया आमिर खान की 'लगान' का गाना, 'राधा कैसे ना जले' को दिया ट्रिब्यूट

फिल्म 'लगान' 2001 में रिलीज हुई थी।
The Academy: साल 2001 में रिलीज हुई भारतीय सिनेमा की ऐतिहासिक फिल्म लगान एक बार फिर चर्चा में है। ऑस्कर अवॉर्ड देने वाली संस्था द एकेडमी (The Academy) ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर फिल्म लगान के प्रसिद्ध गीत ‘राधा कैसे ना जले’ का एक क्लिप शेयर कर ट्रिब्यूट दिया है। इस वीडियो में अभिनेता आमिर खान और अभिनेत्री ग्रेसी सिंह मुख्य भूमिका में नजर आ रहे हैं।
द एकेडमी का खास पोस्ट
वीडियो शेयर करते हुए द एकेडमी ने कैप्शन में लिखा "प्यार, तड़प और उसकी आंखों में छिपी चिंगारी। आमिर खान और ग्रेसी सिंह, आशुतोष गोवारिकर की फिल्म लगान के गीत ‘राधा कैसे ना जले’ में परफॉर्म करते हुए। (गायन: आशा भोसले और उदित नारायण)। इस फिल्म को 74वें ऑस्कर अवॉर्ड्स में भारत की ओर से बेस्ट फॉरेन लेग्वेज फिल्म श्रेणी में नॉमिनेशन मिला था।"
फैंस हुए प्राउड
इस पोस्ट के बाद सोशल मीडिया पर लोगों ने फिल्म को लेकर अपनी भावनाएं शेयर कीं। एक यूजर ने लिखा, “हिंदू प्रार्थना गीत जिसे एक मुस्लिम कलाकार ने निभाया, मुस्लिम लेखक ने लिखा और मुस्लिम संगीतकार ने रचा। यही है भारत की खूबसूरती।” एक अन्य यूजर ने कहा, “लगान सिर्फ एक फिल्म नहीं, बल्कि एक आइकॉनिक जर्नी है- इसकी कहानी, डायलॉग, सिनेमैटोग्राफी, बैकग्राउंड म्यूजिक, गाने और हर कलाकार का प्रदर्शन… हिंदी सिनेमा का एक अमूल्य रत्न।”
फिल्म 'लगान' के बारे में
लगान: वंस अपॉन अ टाइम इन इंडिया एक पीरियड म्यूजिकल-स्पोर्ट्स-ड्रामा फिल्म है, जिसका निर्देशन आशुतोष गोवारिकर ने किया था। यह फिल्म 2001 में रिलीज हुई थी और उस साल भारत की ओर से ऑस्कर के लिए नामांकित हुई थी।
करीब 25 करोड़ रुपए के बजट में बनी इस फिल्म को दुनियाभर में सराहना मिली। फिल्म में आमिर खान और ग्रेसी सिंह के अलावा सहासिनी मुले, कुलभूषण खरबंदा, रघुवीर यादव, राजेंद्र गुप्ता, यशपाल शर्मा, राजेश विवेक और अखिलेंद्र मिश्रा जैसे दिग्गज कलाकारों ने अहम भूमिकाएं निभाई थीं। फिल्म में ब्रिटिश कलाकारों रैचेल शेले और पॉल ब्लैकथॉर्न ने भी अहम किरदार निभाए थे।लगान का निर्देशन आशुतोष गोवारिकर ने किया था। इसे सर्वश्रेष्ठ विदेशी भाषा फिल्म के लिए अकादमी पुरस्कार के लिए नामांकित किया गया था।
