Kapil Sharma: 'मुंबई को बंबई या बॉम्बे कहना बंद करो', कपिल शर्मा को MNS की चेतावनी

कपिल शर्मा को MNS से मिली चेतावनी
Kapil Sharma news: लगभग तीन दशक पहले महाराष्ट्र की राजधानी का नाम आधिकारिक रूप से बदलकर मुंबई रखा गया था। आज भी कॉमेडियन कपिल शर्मा के शो 'द ग्रेट इंडियन कपिल शो' में मुंबई का जिक्र बंबई या बॉम्बे के नाम से किया जाता है जिसको लेकर अब आपत्ति जताई गई है। महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (MNS) ने शो में बंबई या बॉम्बे शब्द पर कड़ी नाराजगी जताते हुए कपिल शर्मा को हिदायत दी है कि वे मुंबई शब्द का इस्तेमाल करें वरना वे विरोध करेंगे।
MNS ने जताई आपत्ति
MNS के फिल्म यूनिट प्रमुख अमेय खोपकर का कहना है कि मुंबई का नाम 1995 में राज्य सरकार और 1996 में केंद्र सरकार द्वारा आधिकारिक रूप से बदला गया था, फिर भी बॉलीवुड और टीवी इंडस्ट्री में पुराने नाम का इस्तेमाल अब भी जारी है। उन्होंने X पर कपिल के शो का एक वीडियो क्लिप भी शेयर किया जिसमें हुमा कुरैशी और साकिब सलीम नजर आ रहे हैं। इस क्लिप में हुमा अपने अनुभव साझा करते हुए मुंबई को 'बॉम्बे' कहती हैं।
ये भी पढ़ें- फौजी लुक में सलमान खान की तस्वीरें वायरल, जवानों संग 'बैटल ऑफ गलवान' की कर रहे शूटिंग
#BombaytoMumbai
— Ameya Khopkar (@MNSAmeyaKhopkar) September 11, 2025
बॉम्बेचे मुंबई अधिकृत नामकरण होऊन ३० वर्षे झाली तरी अजूनही बॉलिवूड मधील कपिल शर्मा शो यात सेलिब्रिटी गेस्ट, दिल्लीस्थित राज्यसभा खासदार, शो अँकर आणि अनेक हिंदी चित्रपटात सर्रास बॉम्बे हा उल्लेख होत आहे. १९९५ महाराष्ट्र शासन व १९९६ मध्ये केंद्र शासनाची अधिकृत… pic.twitter.com/KKa7TazDJ0
उन्होंने अपने पोस्ट में लिखा- "भले ही बॉम्बे को आधिकारिक तौर पर मुंबई का नाम दिए जाने के 30 साल बीत चुके हैं, लेकिन बॉम्बे शब्द का इस्तेमाल अभी भी बॉलीवुड के कपिल शर्मा शो के सेलिब्रिटी गेस्ट, राज्यसभा सांसदों, शो एंकरों और कई हिंदी फिल्मों में अक्सर किया जाता है। चेन्नई, बेंगलुरु और कोलकाता से भी पहले 1995 में महाराष्ट्र सरकार द्वारा और 1996 में केंद्र सरकार द्वारा आधिकारिक तौर पर मान्यता दी गई थी। इसलिए, इसका सम्मान करने और मुंबई नाम का उपयोग करने के लिए एक विनम्र अनुरोध के साथ चेतावनी जारी की जा रही है।"
MNS ने कपिल को दी चेतावनी
खोपकर ने एक मीडिया से बातचीत में कहा- "इस शहर का नाम मुंबई है। कपिल शर्मा के शो में बार-बार इसे बॉम्बे या बंबई कहा जाता है, जो हम बर्दाश्त नहीं करेंगे। ये आपत्ति नहीं, बल्कि गुस्सा है। अगर आप चेन्नई, बेंगलुरु और कोलकाता को उनके सही नाम से पुकार सकते हैं, तो मुंबई के साथ ही यह अपमान क्यों?"
ये भी पढ़ें- संपत्ति विवाद: संजय-करिश्मा की प्राइवेट चैट लीक, भारत छोड़ पुर्तगाली नागरिकता दिलाने की हुईं बातें
खोपकर ने चेतावनी देते हुए कहा- "अगर यह गलती अनजाने में हुई है, तो हम चाहते हैं कि इसे सुधारा जाए। लेकिन यदि यह जारी रहा, तो MNS इसका तीव्र विरोध करेगी।"
शो के बारे में
बताते चलें, द ग्रेट इंडियन कपिल शो नेटफ्लिक्स पर हर हफ्ते प्रसारित होता है। शो में अर्चना पूरन सिंह, नवजोत सिंह सिद्धू, सुनील ग्रोवर, कृष्णा अभिषेक और किकू शारदा जैसे कई नामी चेहरे नजर आते हैं।
