Alia Bhatt Video: आलिया भट्ट ने बदला नाम? Alia Kapoor कहे जाने पर Reddit पर मचा बवाल, जानें क्या है सच्चाई

Alia Bhatt Video: बॉलीवुड अभिनेत्री आलिया भट्ट एक बार फिर सुर्खियों में हैं, लेकिन इस बार वजह उनकी कोई फिल्म नहीं, बल्कि उनका नाम है। Reddit यूजर्स का मानना है कि आलिया भट्ट ने रणबीर कपूर से शादी के बाद कानूनी तौर पर अपना नाम बदलकर 'आलिया कपूर' कर लिया है। इंटरनेट पर वायरल हो रहे एक व्लॉग और उसमें दिखे एक छोटे से डिटेल ने फैंस को चौंका दिया है।
दरअसल, इस चर्चा की शुरुआत आलिया भट्ट के यूट्यूब व्लॉग से हुई, जिसमें उन्होंने कान फिल्म फेस्टिवल 2025 की झलकियां साझा की थीं। वीडियो में वह फ्रेंच रिवेरा के एक होटल में तैयार होती नजर आती हैं। उसी दौरान एक स्क्रीन पर होटल द्वारा उन्हें संबोधित करते हुए जो टेक्स्ट दिखता है, उसमें लिखा है-"डियर आलिया कपूर।"
Reddit पर छिड़ी बहस
इस एक फ्रेम ने Reddit पर बहस छेड़ दी। कई यूजर्स का कहना है कि यह इस बात का संकेत हो सकता है कि आलिया ने कानूनी रूप से अपना उपनाम बदलकर कपूर कर लिया है। एक यूजर ने तर्क दिया, अगर बुकिंग कानूनी नाम से होती है तो होटल को भट्ट की जगह कपूर कैसे पता चलता? कई लोगों ने इस बात को गंभीरता से लेते हुए अनुमान लगाया कि आलिया अब कानूनी दस्तावेजों में 'आलिया कपूर' हो सकती हैं।

सोशल मीडिया पर प्रतिक्रियाएं
जैसे ही ये स्क्रीनशॉट वायरल हुआ, फैंस और सोशल मीडिया यूजर्स ने अपने-अपने तर्क देने शुरू कर दिए। कुछ लोगों ने इसे आलिया की निजी पसंद बताया तो कुछ ने इसे पितृसत्तात्मक सोच से जोड़ दिया। एक यूजर ने कहा, "भले ही उन्होंने कानूनी नाम बदल लिया हो, लेकिन पब्लिक इमेज और ब्रांड वैल्यू के लिए वह आलिया भट्ट ही रहेंगी।"
एक अन्य यूजर ने कॉफी विद करण के एक एपिसोड की याद दिलाते हुए कहा, "मुझे लगा था उन्होंने कहा था कि वो आलिया भट्ट कपूर रहेंगी। रणबीर ने भी उस वक्त कहा था कि ये नाम अच्छा रिंग करता है।"
आलिया के बारे में
आलिया भट्ट ने साल 2022 में अभिनेता रणबीर कपूर से शादी की थी और नवंबर 2022 में दोनों के घर बेटी राहा का जन्म हुआ। निजी जिंदगी के साथ-साथ आलिया का करियर भी बुलंदियों पर है। वह जल्द ही YRF स्पाई यूनिवर्स की अगली फिल्म 'अल्फा' में नजर आएंगी, जो एक महिला-केंद्रित जासूसी थ्रिलर है।

शादी के बाद भी आलिया ने अपने प्रोफेशनल नाम 'आलिया भट्ट' को बनाए रखा और सोशल मीडिया से लेकर फिल्मों तक इसी नाम का इस्तेमाल करती रहीं। लेकिन वायरल तस्वीर को देखकर अब कई लोग मान रहे हैं कि उन्होंने कानूनी या निजी रूप से 'कपूर' उपनाम अपना लिया है।
बता दें कि अभी तक आलिया भट्ट की ओर से इस नाम परिवर्तन पर कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है, लेकिन इंटरनेट पर चल रही चर्चा और वीडियो में दिखा आलिया कपूर का संदर्भ कई अटकलों को जन्म दे रहा है। यह देखना दिलचस्प होगा कि आलिया इस पर क्या प्रतिक्रिया देती हैं।
काजल सोम
