Logo
election banner
लखनऊ में बलिया के सपा जिलाध्यक्ष राजमंगल यादव की रविवार को सड़क हादसे में मौत हो गई। सहयोगी राजेंद्र पांडेय गंभीर रूप से घायल हैं। हादसे के बाद सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव लखनऊ पहुंचे। शोक जताया।

लखनऊ। स्कूटी से टहलने निकले बलिया के समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष राजमंगल यादव की सड़क हादसे में मौत हो गई। दर्दनाक हादसा लखनऊ में हुआ। बलिया के फेफना विधानसभा के बिसुकिया निवासी राजमंगल यादव का शहर से सटे पहाड़ीपुर स्थित सावित्री नगर में आवास है। वर्तमान में वह लखनऊ में थे। सपा जिलाध्यक्ष राजमंगल यादव रविवार सुबह स्कूटी से अपने सहयोगी राजेंद्र पांडेय के साथ टहलने के लिए लोहिया पार्क गए थे। वहां से लौटते समय किसी तेज रफ्तार वाहन ने स्कूटी में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में राजमंगल यादव की मौके पर ही मौत हो गई।

हादसे के बाद चालक फरार हो गया
राजेंद्र पांडेय गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर भीड़ लग गई। राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी। इसके बाद राजमंगल और राजेंद्र को अस्पताल लाया गया। जहां सपा जिलाध्यक्ष को मृत घोषित कर दिया गया। वहीं राजेंद्र पांडेय की हालत गंभीर है। उन्हें वेंटीलेटर पर रखा गया है। हादसे के बाद चालक फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश कर रही है। 

जनवरी 2020 में सपा जिला अध्यक्ष बने थे
राजमंगल यादव श्री मुरली मनोहर टाउन स्नातकोत्तर महाविद्यालय के छात्रसंघ के महामंत्री भी रहे चुके हैं। साथ-साथ वे जिला पंचायत सदस्य से लेकर जिला पंचायत अध्यक्ष की कुर्सी संभाल चुके हैं।वह 2006 से लेकर 2011 तक जिला पंचायत अध्यक्ष रहे थे। जनवरी 2020 में सपा जिला अध्यक्ष बने थे। दूसरी बार भी पार्टी ने इन पर विश्वास कर अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी। आवास पर सांत्वना देने के लिए कार्यकर्ताओं की भीड़ लगी है। 

मिलनसार और खुशदिल नेता थे
 राजमंगल यादव काफी मिलनसार और खुशदिल नेता थे। यही कारण है कि इनके मित्र सभी दलों में हैं। सपा जिलाध्यक्ष के निधन पर सपाइयों समेत विभिन्न पार्टियों के लोगों सहित अन्य शोक संवेदना व्यक्त कर रहे हैं। अखिलेश यादव लखनऊ पहुंचे। राजमंगल यादव के निधन पर शोक जताया।

5379487