भोपाल। संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) ने सिविल सेवा परीक्षा 2025 का अंतिम परिणाम घोषित कर दिया है। इस परीक्षा में देशभर से कुल 958 उम्मीदवारों का चयन विभिन्न सेवाओं के लिए किया गया है। इस बार राजस्थान के चित्तौड़गढ़ जिले के रावतभाटा निवासी अनुज अग्निहोत्री ने ऑल इंडिया रैंक-1 हासिल कर में शीर्ष स्थान हासिल किया है। वहीं, भोपाल के ईशान भटनागर ने शानदार प्रदर्शन करते हुए इस प्रतिष्ठित परीक्षा में 5 वीं रैंक हासिल कर प्रदेश का नाम रोशन किया है।
भोपाल डीपीएस में की शुरुआती पढ़ाई
सूबे की राजधानी भोपाल के निवासी ईशान भटनागर ने यूपीएससी की कठिन परीक्षा में टॉप-5 में स्थान बनाकर बड़ी उपलब्धि हासिल की है। ईशान भटनागर ने अपनी शुरुआती पढ़ाई भोपाल स्थित दिल्ली पब्लिक स्कूल से की। वह शुरू से ही पढ़ाई में अच्छे थे। उन्होंने सीबीएसई की कक्षा 12 की परीक्षा में 96.2 प्रतिशत अंक प्राप्त कर अपने स्कूल में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया था।
प्रदेश सरकार में सलाहकार हैं पिता
ईशान भटनागर के परिवार का शैक्षणिक और प्रशासनिक क्षेत्र से गहरा संबंध रहा है। उनके पिता मध्य प्रदेश सरकार में सलाहकार के रूप में कार्यरत हैं, जबकि उनकी माता विश्वविद्यालय में प्रोफेसर हैं। स्कूल की पढ़ाई पूरी करने के बाद ईशान ने नेशनल लॉ यूनिवर्सिटी, दिल्ली से कानून की पढ़ाई की और इसके बाद सिविल सेवा की तैयारी शुरू कर दी। वह बताते हैं, घर में शिक्षा का माहौल था, जिसने इस मुकाम तक पहुंचने में बहुत मदद की।
लॉ प्रवेश परीक्षा में भी किया शानदार प्रदर्शन
ईशान भटनागर का शैक्षणिक रिकॉर्ड पहले से ही काफी मजबूत रहा है। उन्होंने वर्ष 2018 में अखिल भारतीय विधि प्रवेश परीक्षा (AILET) में भी शानदार प्रदर्शन किया था। इस परीक्षा में उन्होंने 150 में से 81.5 अंक प्राप्त कर ऑल इंडिया रैंक-6 हासिल की थी। इसके अलावा उन्होंने CLAT और MH-CET लॉ प्रवेश परीक्षा भी दी थी। ईशान के अनुसार इन परीक्षाओं में AILET सबसे चुनौतीपूर्ण होती है, जबकि CLAT उसके बाद आती है और उस वर्ष MH-CET अपेक्षाकृत आसान रही थी।
प्रदेश के इन उम्मीदवारों ने भी गाड़े सफलता के झंडे
इस वर्ष की यूपीएससी परीक्षा में मध्य प्रदेश के कई अन्य उम्मीदवारों ने सफलता हासिल की है। इस प्रतिष्ठित परीक्षा में खंडवा की रूपल ने 43वीं रैंक हासिल की है। जबकि, सतना की भूमिका जैन को चयन के बाद आईआरएस अधिकारी बनने का अवसर मिला है। वहीं, गुना की देवांगी मीणा ने 236वीं रैंक हासिल की है। इसके अलावा धार जिले के प्रच्छल सेक्रेट्री ने 8वीं रैंक प्राप्त कर प्रदेश का गौरव बढ़ाया है, जबकि नरसिंहपुर की पूजा ने 249वीं रैंक हासिल की है। शुजालपुर के राजवर्धन सिसोदिया ने 666वीं रैंक हासिल कर परीक्षा में सफलता हासिल की है।










