Logo
उत्तम नगर में 11 वर्षीय बच्ची ने अपने पिता पर गुब्बारा फेंका था, जो कि एक महिला को जा लगा। किसी को उम्मीद नहीं थी कि यह छोटी सी बात बड़ी हिंसक वारदात की वजह बन जाएगी।

दिल्ली के उत्तम नगर में होली के दिन एक युवक की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। विवाद एक बच्ची के गुब्बारा मारने पर शुरू हुआ था। किसी को उम्मीद नहीं थी कि यह मामूली कहासुनी खूनी वारदात में बदल जाएगी। बहरहाल, पुलिस ने चार आरोपियों को अरेस्ट कर लिया है। दोनों पक्ष अलग-अलग समुदाय के बताए जा रहे हैं। इस खूनी झड़प में कुल 8 लोग घायल हुए हैं। पुलिस का कहना है कि जल्द ही सभी आरोपी पुलिस की गिरफ्त में होंगे। 

मीडिया रिपोर्ट्स में दिल्ली पुलिस के हवाले से बताया गया कि उत्तम नगर में 11 वर्षीय बच्ची ने अपने पिता पर गुब्बारा फेंका था, जो कि एक महिला को जा लगा। इस पर महिला भड़क गई और अपने रिश्तेदारों को मौके पर बुला लिया। बार-बार माफी मांगने पर मामला शांत हो गया, लेकिन कुछ ही देर बाद दूसरा पक्ष फिर से आया और हमला कर दिया। 

पुलिस ने बताया कि मृतक की पहचान तरुण कुमार (26) के रूप में हुई है। वह होली खेलने के बाद बाइक से अपने दोस्त के साथ वापस घर आ रहा था। रास्ते में करीब 15-20 लोगों ने उसका रास्ता रोका और लोहे की रॉड और ईंट पत्थरों से हमला शुरू कर दिया। तरुण के चाचा टेक चंद ने बताया कि जैसे ही उन्हें सूचना मिली, वो मौके पर पहुंचे। उसे पास के अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। 

किसी को नहीं था हमला करेंगे

टेकचंद ने बताया कि मामला शांत हो गया था। हमने माफी भी मांगी, फिर भी उन्होंने हमारे बच्चे को मार दिया। उन्होंने कहा कि आरोपियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। 

चार आरोपी गिरफ्तार 

पुलिस उपायुक्त कुशल पाल सिंह का कहन है कि दोनों परिवार मूल रूप से राजस्थान के रहने वाले हैं। दोनों का समुदाय अलग-अलग है। इस घटना में एक पक्ष के तीन और दूसरे पक्ष के 5 लोग घायल हुए हैं। अभी तक चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने कहा कि मृतक के परिजनों का आरोप है कि विवाद एक बच्ची के गुब्बारा फेंकने से शुरू हुआ था। बहरहाल, मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। सभी आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।  

5379487