haribhoomi hindi news
गुरुवार की रात को करीब 9 बजे सूचना मिली थी कि इंडस्ट्रियल एरिया स्थित अरविंद केमिकल्स पेंट फैक्ट्री और सरल स्क्रैप में भीषण आग लग गई है। आग इतनी भीषण थी कि इस पर काबू पाने में 5 घंटे लगे।

उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद से बड़ी खबर सामने आ रही है। यहां के मेरठ रोड स्थित मैनापुर औद्योगिक क्षेत्र में स्थित सरस स्क्रैप और केमिकल्स पेंट फैक्ट्री में अचानक आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली की इसने पल भर में विकराल रूप धारण कर लिया। चूंकि यह घटना रात को हुई है, लिहाजा कोई भी कर्मचारी फैक्ट्री में मौजूद नहीं था। बहरहाल, फायर बिग्रेड की चार गाड़ियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया है।

पुलिस के मुताबिक, गुरुवार की रात को करीब 9 बजे सूचना मिली थी कि अरविंद केमिकल्स पेंट फैक्ट्री और सरल स्क्रैप में भीषण आग लग गई है। आग की सूचना पाते ही पुलिस के साथ दमकल की टीमें भी मौके पर पहुंच गई। आग इतनी फैल चुकी थी कि धमाके भी होने शुरू हो चुके थे। दमकल की टीम ने हौज लाइन फैलाकर आग बुझाने का काम शुरू कर दिया। आग इतनी तेज थी कि दूर तक तपिश महसूस हो रही थी। फैक्ट्री का ढांचा गिर गया, जिसकी वजह से आग तक पानी पहुंचने का मार्ग अवरुद्ध हो गया। 

दमकल की टीमों ने कड़ी मशक्कत के बाद शेड को हटाया और आग पर पानी की बौछार शुरू कर दी। दमकल कर्मियों ने बताया कि फैक्ट्री की एक दीवार भी टूटकर गिर गई। ऐसे में जेसीबी की मदद से दीवार के मलबे को हटाया और गिरे ढांचे को भी हटा दिया। दमकलकर्मियों ने बताया कि रात करीब दो बजे आग पर काबू पा लिया गया।

हापुड़, मेरठ और गौतमबुद्ध नगर से 20 से ज्यादा फायर टेंडर्स ने करीब 5 घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। दमकल कर्मियों के अधिकारियों का कहना है कि हादसे में किसी जान की हानि नहीं हुई है। बहरहाल, आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। 

7