Logo
दतिया में अवैध संबंधों के शक में पति ने पत्नी की लाठी-डंडों से पीटकर हत्या कर दी। रातभर शव के पास बैठा रहा, सुबह गिरफ्तार।

Datia News: मध्यप्रदेश। दतिया में एक पति ने अपनी पत्नी की पीट-पीटकर हत्या कर दी। आरोपी को शक था कि, उसकी पत्नी का किसी दूसरे व्यक्ति के साथ अवैध संबंध है। इसी के चलते उसने अपनी पत्नी को तब तक पीटा जब तक उसकी जान नहीं चली गई। रात भर आरोपी अपनी पत्नी के शव के पास डंडा लेकर बैठा रहा सुबह होने पर वह फरार हो गया।

मजदूरी करता था दंपत्ति
मामला सिविल लाइंस थाना क्षेत्र का है। मृतक महिला की पहचान आशा आदिवासी के रूप में हुई है। वह सेंवढ़ा रोड पर आदिवासी डेरे में रहती थी। आरोपी पति का नाम कालीचरण आदिवासी बताया जा रहा है। दोनों मजदूरी करके अपना घर चलाते थे।

मां की लाश के पास बैठा था पिता
बताया जा रहा है कि, आरोपी के बच्चे घर में लड़ाई-झगड़ा देख पड़ोसियों के यहां चले गए थे। सुबह जब वे घर लौटे तो चौंक गए। उनका पिता, मां की लाश के पास बैठा था। बच्चों को देख वह घर से निकल गया। घबराए हुए बच्चों ने पड़ोसियों को बुलाया और मामले की सूचना पुलिस को दी।

रात को पी थी शराब
बच्चों के अनुसार, उनके पिता ने रात को खूब शराब पी थी। इसके बाद माता-पिता में किसी बात को लेकर बहस हो गई। बहस इतनी बढ़ गई कि, आरोपी ने पत्नी पर लाठी-डंडे से हमला कर दिया। महिला गंभीर रूप से घायल हो गई और उसकी मौत हो गई। 

आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इधर जानकारी सामने आई है कि, आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। वह अपनी पत्नी के कथित प्रेमी को मारने पिछोर जा रहा था। पुलिस की टीम उससे पूछताछ कर रही है।

5379487