Logo
UPSC CSE Result 2025 जारी। शामली की आस्था जैन ने AIR- 9वीं रैंक हासिल किया। आस्था ने हैदराबाद IPS की ट्रेनिंग के साथ पढ़ाई जारी रखी और अपने दूसरे प्रयास में टॉप-10 में जगह बनाई।

शामली : उत्तर प्रदेश के शामली जिले की रहने वाली आस्था जैन ने संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की सिविल सेवा परीक्षा 2025 में शानदार सफलता हासिल करते हुए देशभर में 9वीं रैंक प्राप्त की है। आस्था की इस उपलब्धि ने न केवल उनके परिवार बल्कि पूरे प्रदेश का मान बढ़ाया है। वर्तमान में आस्था हैदराबाद में भारतीय पुलिस सेवा (IPS) की ट्रेनिंग ले रही हैं, लेकिन अब वे आईएएस (IAS) अधिकारी के रूप में देश की सेवा करेंगी।

Top 10 UPSC Rank Holder
Top 10 UPSC Rank Holder

IPS बनने के बाद भी जारी रखी कड़ी मेहनत
​आस्था जैन ने साल 2025 में भी यूपीएससी की परीक्षा उत्तीर्ण की थी, जिसमें उन्हें देशभर में 131वीं रैंक मिली थी। उस समय चयन के बाद उन्हें आईपीएस कैडर मिला था और वे प्रशिक्षण के लिए हैदराबाद चली गईं। हालांकि, उनका लक्ष्य हमेशा से आईएएस बनना था, इसलिए उन्होंने अपनी ट्रेनिंग के साथ-साथ पढ़ाई जारी रखी और दूसरे प्रयास में अपनी रैंक में बड़ा सुधार करते हुए टॉप-10 में जगह बनाई।

​सेल्फ स्टडी और अनुशासन बना सफलता का आधार
​आस्था की इस बड़ी कामयाबी के पीछे उनकी कड़ी मेहनत और अनुशासन का बड़ा हाथ है। आईपीएस बनने से पहले उन्होंने कुछ समय के लिए दिल्ली में कोचिंग ली थी, लेकिन उसके बाद उन्होंने पूरी तरह से सेल्फ स्टडी पर भरोसा किया। आस्था के चचेरे भाई गौरव जैन ने बताया कि उनकी ट्रेनिंग के अब केवल दो महीने बाकी थे, तभी यह सुखद परिणाम सामने आया है।

​पिता चलाते हैं कन्फेक्शनरी शॉप, बेटियों की पढ़ाई को दी प्राथमिकता
​आस्था एक साधारण मध्यमवर्गीय परिवार से ताल्लुक रखती हैं। उनके पिता अजय कुमार शामली के कांधला में एक कन्फेक्शनरी की दुकान चलाते हैं और मां ममता गृहणी हैं। परिवार में तीन बहनें और एक भाई हैं, जिनमें आस्था दूसरे नंबर पर हैं। आस्था के पिता ने गर्व से बताया कि उन्होंने अपनी बेटियों की पढ़ाई में कभी कोई कमी नहीं होने दी और उन्हें हमेशा आगे बढ़ने के बराबर मौके दिए, जिसका परिणाम आज सबके सामने है।

​स्कूल के समय से ही मेधावी रही हैं आस्था
​आस्था जैन बचपन से ही पढ़ाई में अव्वल रही हैं। अपनी स्कूली शिक्षा के दौरान भी उन्होंने हमेशा उत्कृष्ट प्रदर्शन किया था। उनके परिवार में शिक्षा को काफी महत्व दिया जाता है, उनकी एक बहन डॉक्टर भी हैं। आस्था की इस जीत पर कांधला स्थित उनके निवास पर जश्न का माहौल है और लोग उन्हें बधाइयां देने पहुँच रहे हैं।

5379487