Logo
election banner
PCC चीफ जीतू पटवारी भिंड पहुंचे। जीतू ने कहा कि सिंधिया को कांग्रेस ने कभी CM चेहरा नहीं बनाया। जीतू ने यह भी कहा कि राम मंदिर सुप्रीम कोर्ट के फैसले पर बन रहा है। केंद्र में BJP सरकार है, इसलिए निर्माण में हिस्सेदारी दिखा रही है।

भोपाल। कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष जीतू पटवारी ग्वालियर-चंबल दौरे पर हैं। जीतू के साथ नेता प्रतिपक्ष ‎उमंग सिंघार और उप नेता प्रतिपक्ष ‎हेमंत कटारे भी हैं। बुधवार को भिंड में जीतू ने कहा कि राम मंदिर सुप्रीम कोर्ट के फैसले पर बन रहा है। वर्तमान में भाजपा की केंद्र में सरकार है, इसलिए निर्माण में हिस्सेदारी दिखा रही है। कोर्ट के फैसले को देश के हर वर्ग ने स्वीकार किया है। किसी ने कोई विरोध नहीं किया। देश में सभी धर्मों के पालन की आइडियोलॉजी है। इसी का पालन कांग्रेस पार्टी करती आ रही है।

सिंधिया को कांग्रेस ने कभी सीएम फेस नहीं बनाया 
2018 के विधानसभा चुनाव में ज्योतिरादित्य सिंधिया कांग्रेस की ओर से सीएम का चेहरा नहीं थे। उस दौरान मैं चुनाव कैम्पेनिंग का हिस्सा था। कांग्रेस ने सामूहिक नेतृत्व में चुनाव लड़ा था। आज भी कांग्रेस में सामूहिक नेतृत्व है। सिंधिया को कांग्रेस ने कभी चेहरा नहीं बनाया। 

मुंह चलाने से काम नहीं चलेगा, कलम चलाने से काम चलेगा 
जीतू ने कहा कि मुख्यमंत्री ने विधानसभा के अंदर कहा था कि वचन पत्र गीता और रामायण है। तो ये रामायण और गीता का एक शब्द भी पिछले एक महीने में क्यों नहीं पढ़ा गया। क्यों उस पर निर्णय नहीं लिए गए। क्या कारण है कि तीन हजार रुपए बहनों के खाते में डालने की बात की थी। एक हजार रुपए भी देने में सरकार हांफने लगी है। रोज क्यों खबरें आती हैं कि योजना बंद होगी या चालू रहेगी। इसका मतलब है सरकार ने जो बोला उस राह पर चलना नहीं चाहती। मुख्यमंत्री ने कहा वचन पत्र की एक एक घोषणा हमारे लिए पवित्र है। इसे मानेंगे। मुंह चलाने से काम नहीं होगा कलम चलाने से काम होगा। 

आपने चेहरा किसी को बनाया और मुख्यमंत्री किसी और को बना दिया
जीतू ने कहा कि हमारा दायित्व है हम सरकार को वो सब बातें याद दिलाते रहें। जिसमें सरकार ने जो कहा वो करे। शिवराज जी को आपने चेहरा बनाया। फिर उनके नाम पर वोट लिए, फिर मुख्यमंत्री इन्होंने प्रहलाद पटेल को बनाया। उनके नाम पर वोट लिए। फिर नरेंद्र तोमर जी को बनाया।अलग-अलग नेताओं को चेहरा बनाया और वोट लिए। एक तरह से लोगों को छला। फिर एक नया कार्ड खेला। आपने चेहरा किसी को बताया और मुख्यमंत्री किसी और को बना दिया। ये तो धोखा है जनता के साथ।  

' न मोहन दुश्मन हैं न शिवराज'
पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को लेकर पटवारी ने कहा, वोट किसी के नाम पर मिले, मुख्यमंत्री दूसरा बन गया। न मोहन यादव दुश्मन हैं, न शिवराज, हमारे वैचारिक मतभेद हो सकते हैं। शिवराज सरकार में जो घोटाले हुए, उसे लेकर आवाज हमेशा उठाते आए हैं। मोहन यादव हमारे मुख्यमंत्री हैं। वे BJP के नहीं, प्रदेश के मुख्यमंत्री हैं। हम भी प्रदेश के नागरिक हैं, इसलिए हम मुख्यमंत्री से सवाल करते रहेंगे।

5379487