Logo
Indore News : दिनेश प्रजापति के मामले पर सीएम मोहन यादव ने हस्तक्षेप किया। मां की रुकी पेंशन दोबारा शुरू हुई, इलाज की व्यवस्था की गई और मतदाता सूची में नाम जोड़ने की प्रक्रिया भी शुरू की गई।

इंदौर। दिनेश प्रजापति मामले में सीएम मोहन यादव ने हस्तक्षेप किया है। मुख्यमंत्री के निर्देश पर न केवल दिनेश प्रजापति की मां की पेंशन चालू की गई बल्कि उनके इलाज की व्यवस्था भी की गई है। सीएम यादव के अनुसार, बीएलओ द्वारा दिनेश की मां का नाम मतदाता सूची में जोड़े जाने का काम भी शुरू हो गया है। दो दिन पहले इंदौर कलेक्ट्रेट में हंगामा करते हुए दिनेश का वीडियो वायरल हुआ था। वह अपनी मां का नाम एसआईआर के चलते मतदाता सूची से हटाए जाने और पेंशन रुकने से नाराज था।

परिवार को मिली आर्थिक सहायता
सीएम मोहन यादव ने एक्स पर पोस्ट कर जानकारी दी कि, 'इंदौर में हुए इस प्रकरण को संज्ञान लेते हुए‌ दिनेश प्रजापति जी एवं उनकी माता रामप्यारी बाई जी की समस्या का संवेदनशीलता के साथ समाधान किया गया है। परिस्थितियों को देखते हुए तत्काल KYC कर पेंशन प्रक्रिया शुरू कराई गई एवं अरविंदो अस्पताल में उपचार की व्यवस्था की गई है। परिवार को आर्थिक सहायता प्रदान करने के साथ ही BLO द्वारा मतदाता सूची में नाम जोड़ने की प्रक्रिया की जा रही है।'

मजदूरी करता है दिनेश
दरअसल, दिनेश मजदूरी करके अपना घर चलाता है। किराए के कमरे में रहने वाले दिनेश के लिए उसकी मां को मिलने वाली विधवा पेंशन बहुत बड़ा सहारा है। बीते मंगलवार को इंदौर कलेक्ट्रेट में रोते हुए उसने कहा था कि, मंगलवार हफ्ते में एक ही बार आता है मैं कितने मंगलवार आ चुका हूं। गरीबों की कोई नहीं सुनता।
चीखते हुए दिनेश ने यह भी कहा था कि, मेरे पिता नहीं रहे, मां देख नहीं सकती। अगर गरीबों की कोई सुनवाई नहीं है तो यह जनसुनवाई किसलिए है?

कलेक्टर कार्यालय में किया था हंगामा
बीते एक साल से दिनेश की मां की पेंशन रुकी हुई थी। उसके द्वारा नगर निगम से लेकर जोन ऑफिस और कलेक्टर कार्यालय तक चक्कर लगाया गया था। कहीं सुनवाई न होने पर वह टूट गया था। मंगलवार को जब कलेक्टर द्वारा उसकी बात नहीं सुनी गई तो उसने गुस्से में आकर कलेक्टर कार्यालय में खूब हंगामा किया था।

दिनेश ने CM का किया धन्यवाद
इस हंगामे का वीडियो सोशल मीडिया पर भी सामने आया था। इसी वीडियो को देखने के बाद मुख्यमंत्री ने मामले पर संज्ञान लिया। सीएम ने दिनेश प्रजापति का एक वीडियो शेयर किया है जिसमें वह यह कहता हुआ नजर आ रहा है कि, 'मुख्यमंत्री का धन्यवाद, मेरी माताराम का पूरा इलाज हो रहा है। साल भर से रुकी हुई पेंशन भी मेरी माताराम को मिल गई है। मेरी माताराम की पेंशन चालू हो गई है।'

5379487