Logo
नर्मदापुरम के पिपरिया क्षेत्र में बाघ ने झोपड़ी में सो रहे युवक पर हमला कर उसकी हत्या कर दी। शव झाड़ियों में मिला। वन विभाग ने बाघ हमले की पुष्टि की है।

मध्यप्रदेश। नर्मदापुरम जिले के पिपरिया में बाघ ने युवक का शिकार कर लिया। शनिवार सुबह युवक का शव झाड़ियों में क्षत - विक्षत मिला। मृतक की पहचान कमल ठाकुर के रूप में हुई है। ग्रामीणों के द्वारा दी गई सूचना के आधार पर वन अधिकारी मौके पर पहुंचे। मामला झिरिया से सटे जंगल का है। रात के समय जब बाघ ने हमला किया तो युवक झोपड़ी में सो रहा था। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। वन विभाग की टीम ने बाघ के हमले की पुष्टि करते हुए जंगल में अकेले न जाने की चेतावनी भी दी है। 

रात को बाघ ने किया हमला
मृतक की पहचान कमल ठाकुर पिता शंन्नूलाल के रूप में हुई है। वह बारीदेवी गांव का रहने वाला था। रात को हमला इतनी अचानक हुआ कि, युवक को बचने का मौका नहीं मिला। बाघ युवक को घसीटता हुआ झाड़ियों में ले गया।

पोस्टमार्टम के लिए भेजा शव
पिपरिया फारेस्ट एसडीओ आशीष खोपरागड़े को मामले की सूचना मिली तो उन्होंने बनखेड़ी रेंज के अधिकारियों को सूचित किया। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। ग्रामीणों के बयान भी लिए जा रहे हैं।

बाघ के हमले की पुष्टि
जब ग्रामीणों ने शनिवार सुबह युवक का शव झाड़ियों में पड़ा देखा तो इलाके में सनसनी फैल गई। जानकारी मिलने पर वन विभाग के अधिकारियों ने मौके का मुआयना कर बाघ के हमले की पुष्टि की है। क्षेत्र में फिलहाल भारी वन अमला तैनात है।

वन अमला सतर्क
वन अधिकारियों ने ग्रामीणों को जंगल में अकेले जाने के खिलाफ सतर्क किया है। बनखेड़ी रेंज ऑफिसर सुमित पांडे के अनुसार मृतक के परिजनों को नियमों के अनुसार राहत राशि देने के लिए प्रक्रिया शुरू कर दी है। बाघ के हमले के बाद वन अमला सतर्क है। इलाके में गश्त जारी है।

5379487