Logo
इटारसी पथरोटा मार्ग पर तेज रफ्तार कार रेलिंग तोड़कर नहर में गिर गई। कार सवार तीन युवकों की डूबने से मौत हो गई। पुलिस और एसडीआरएफ ने रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया।

मध्यप्रदेश। इटारसी-पथरोटा मार्ग पर एक तेज रफ्तार कार रेलिंग तोड़ नहर में गिर गई। कार में तीन युवक थे। नहर बड़ी थी इसलिए कार डूब गई और तीनों की मौत हो गई। कार लकी पटेल के द्वारा चलाई जा रही थी वह रैसलपुर का रहने वाला है। दो अन्य युवकों की पहचान शिवम तिवारी और अभय चौहान के रूप में हुई है। 

मदद के लिए आवाज लगा रहे थे युवक
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ग्रे कलर की कार तेज रफ्तार से आ रही थी। नहर के पुल से गुजरते हुए कार अचानक रेलिंग तोड़ नहर में गिर गई। एसडीआरएफ की एक प्लाटून बचाव के लिए आई थी। इसे कमांडर अमृता दीक्षित हेड कर रहीं थीं। अमृता के अनुसार, तीनों युवक मदद के लिए आवाज लगा रहे थे। युवकों ने शीशा तोड़ कर बाहर आने की कोशिश भी की लेकिन कार लॉक हो गई थी।

नहर गहरी थी इसलिए कार डूब गई
डेढ़ घंटे तक रेस्क्यू ऑपरेशन चला। जब नहर से कार को बाहर निकाला गया तो तीनों युवकों की मौत हो चुकी थी। स्थानीय लोगों ने भी युवकों को बचाने की कोशिश की थी लेकिन वे सफल नहीं हो पाए।

कार के शीशे तोड़ने की कोशिश 
एसडीआरएफ की कमांडर अमृता दीक्षित का कहना है कि, कार के शीशे तोड़ने की कोशिश किए जाने के निशान मिले हैं। तीनों ने बाहर आने की बहुत कोशिश की लेकिन सफल नहीं हो पाए। मृतकों के परिजनों ने बताया है कि, तीनों सिवनी - मालवा गए थे। घर लौटते समय यह हादसा हुआ।

नशे में गाड़ी चलाने की आशंका 
ट्रैकर की मदद से कार को बाहर निकाला गया था। देर रात 12 बजे कार नहर में गिराने की सूचना मिली थी। बचाव दल को आशंका है कि, युवक नशे में थे इसलिए यह हादसा हुआ। तीनों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए हैं। पुलिस अधिकारी का कहना है कि, जांच के बाद हादसे की असल वजह सामने आएगी।

5379487