Logo
मध्य प्रदेश से बड़ी खबर-कक्षा 5वीं और 8वीं का रिजल्ट जारी हो गया है। 5वीं में 95.14% और 8वीं में 93.83% छात्र पास हुए हैं। इस बार भी छात्राओं ने बेहतर प्रदर्शन करते हुए बाजी मारी। परीक्षा पहली बार बोर्ड पैटर्न पर आयोजित की गई थी।

भोपाल। मध्य प्रदेश राज्य शिक्षा केंद्र ने कक्षा 5वीं और 8वीं का वार्षिक परीक्षा परिणाम जारी कर दिया है। स्कूल शिक्षा मंत्री उदय प्रताप सिंह ने वल्लभ भवन में एक कार्यक्रम के दौरान बटन दबाकर रिजल्ट घोषित किया। इस वर्ष 5वीं का रिजल्ट 95.14% रहा है जबकि 8वीं का रिजल्ट 93.83% रहा है। दोनों ही कक्षाओं में छात्रों की तुलना में छात्राओं ने बेहतर प्रदर्शन किया है। कक्षा 5वीं में 96.19% छात्राएं और 94.15% छात्र उत्तीर्ण हुए हैं। जबकि, कक्षा 8वीं में 94.98% छात्राएं और 92.74% छात्र सफल रहे हैं।

इस बार बोर्ट पैटर्न पर हुई परीक्षाएं
इस बार बोर्ड पैटर्न पर 5वीं और 8वीं की परीक्षाएं आयोजित की गईं। इस वजह से सभी की निगाहें परीक्षा परिणामों पर लगी हुई थीं। राज्य शिक्षा केन्द्र ने इस बार रिजल्ट देखने की प्रक्रिया को सरल बनाया है। पोर्टल का लिंक QR कोड के जरिए भी उपलब्ध कराया गया है, जिससे छात्र आसानी से स्कैन करके सीधे रिजल्ट पेज तक पहुंच सकते हैं। इसके अलावा स्कूल के प्राचार्य अपने स्कूल के कुल बच्चों का एक साथ रिजल्ट देख सकते हैं। 

23 लाख छात्रों का इंतजार खत्म
परीक्षाएं 20 फरवरी से 28 फरवरी के बीच आयोजित की गई थीं, जिनमें सरकारी स्कूलों, निजी स्कूलों और पंजीकृत मदरसों के विद्यार्थी शामिल हुए थे। आंकड़ों के मुताबिक कक्षा 5वीं में 12 लाख 76 हजार से अधिक और कक्षा 8वीं में 10 लाख 92 हजार से ज्यादा छात्रों ने परीक्षा दी। इस तरह कुल मिलाकर लगभग 23 लाख 68 हजार छात्र-छात्राएं इस परीक्षा का हिस्सा बने, जो राज्य स्तर पर एक बड़ा आंकड़ा है।

322 केंद्रों पर जांची गई उत्तर पुस्तिकाएं
उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन के लिए पूरे प्रदेश में 322 केंद्र बनाए गए थे। इन केंद्रों पर 1 लाख 10 हजार से अधिक शिक्षकों ने कॉपियों की जांच की। मूल्यांकन प्रक्रिया पूरी होने के बाद अंकों को ऑनलाइन पोर्टल पर अपलोड किया गया, जिससे समय पर परिणाम घोषित करना संभव हो पाया। इस व्यवस्था से पारदर्शिता और तेजी दोनों सुनिश्चित की गई हैं। 

7