मध्यप्रदेश। मऊगंज जिले में नाबालिग छात्रा से गैंगरेप (Mauganj Rape Case) करने वाले चार आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी 22 से 24 साल के हैं। छात्रा के साथ गैंगरेप तब हुआ था जब वह आठवीं की प्री - बोर्ड परीक्षा देने जा रही थी। आरोपियों ने उसे रास्ते से अगवा कर जंगल में शराब पिलाकर वारदात को अंजाम दिया था।
गैंगरेप में शामिल आरोपी
मामले की सूचना मिलने पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी। पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान मिंटू उर्फ बेटू जायसवाल (24 वर्ष), रविनंदन सिंह गौड़ (22 वर्ष), लाला उर्फ नीरज जायसवाल (21 वर्ष) और सुभाष जायसवाल (23 वर्ष) के रूप में हुई है।
शराब पिलाकर किया रेप
गैंगरेप की यह वारदात 5 फरवरी सुबह करीब 10 बजे की थी। नाबालिग छात्रा अपनी एक सहेली के साथ प्री - बोर्ड एग्जाम देने स्कूल जा रही थी। तभी दो बाइक पर चारों आरोपी आए और दोनों छात्राओं को अपने साथ ले गए। आरोपियों ने कुछ दूर पर एक छात्रा को उतार दिया जबकि पीड़िता को अपने साथ जंगल ले गए। जंगल में पीड़िता को जबरन शराब पिलाई गई और फिर चारों ने एक - एक कर पीड़िता से रेप किया गया।
जंगल में बेसुध मिली थी छात्रा
जब नाबालिग छात्रा शाम तक घर नहीं आई तो परिजनों ने तलाश शुरू की। काफी देर बाद छात्रा जंगल में बेसुध मिली। परिजन छात्रा को अस्पताल लेकर गए। डॉक्टर्स ने मामले को गंभीर मानते हुए पुलिस को सूचना दी। सूचना के आधार पर पुलिस ने तुरंत जांच शुरू की और अब चारों आरोपी गिरफ्तार कर लिए गए हैं। कानून के तहत आरोपियों के खिलाफ आगे की कार्यवाई की जाएगी।











