Logo
राजस्थान में लगातार बढ़ते तापमान के कारण अब दिन में सर्दी का असर लगभग खत्म होता नजर आ रहा है। शनिवार को हनुमानगढ़ और सिरोही को छोड़कर राज्य के लगभग सभी जिलों में अधिकतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया गया।

राजस्थान में लगातार बढ़ते तापमान के कारण अब दिन में सर्दी का असर लगभग खत्म होता नजर आ रहा है। शनिवार को हनुमानगढ़ और सिरोही को छोड़कर राज्य के लगभग सभी जिलों में अधिकतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया गया। तेज धूप के कारण दोपहर के समय लोगों को हल्की गर्मी महसूस होने लगी है।

मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के अनुसार, अगले एक सप्ताह तक प्रदेश में मौसम शुष्क और साफ रहने की संभावना है। इस दौरान तापमान में किसी बड़े बदलाव के आसार नहीं हैं और मौजूदा स्थिति बनी रह सकती है।

पिछले 24 घंटे में प्रदेशभर में आसमान साफ रहा और तेज धूप खिली रही। बाड़मेर लगातार दूसरे दिन सबसे गर्म जिला रहा, जहां अधिकतम तापमान 32.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। इसके अलावा पाली, जालोर और जोधपुर में भी तापमान 30 डिग्री या उससे अधिक दर्ज किया गया।

जयपुर में शनिवार को दिनभर तेज धूप रही, जिससे यहां का अधिकतम तापमान 27.8 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। वहीं पिलानी में 28.9, अजमेर में 28.3, जैसलमेर में 29.2, चित्तौड़गढ़ में 29.6, बीकानेर में 29.2, नागौर में 29 और डूंगरपुर में 29.4 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज हुआ।

न्यूनतम तापमान में भी बढ़ोतरी
अधिकतम तापमान के साथ-साथ अब रात के तापमान में भी इजाफा देखने को मिल रहा है। शनिवार को प्रदेश के 15 शहरों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया गया। हालांकि फतेहपुर सबसे ठंडा इलाका रहा, जहां न्यूनतम तापमान 5.9 डिग्री सेल्सियस रहा।

मौसमी बीमारियों का बढ़ता खतरा
एसएमएस हॉस्पिटल जयपुर के डॉक्टरों के अनुसार, सुबह-शाम सर्दी और दिन में गर्मी के कारण मौसमी बीमारियों का खतरा बढ़ गया है। इन दिनों ओपीडी में सर्दी, जुकाम और वायरल संक्रमण के मरीजों की संख्या में इजाफा देखा जा रहा है। डॉक्टरों का कहना है कि तापमान में तेज उतार-चढ़ाव और वातावरण में नमी वायरल संक्रमण के लिए अनुकूल स्थिति बनाते हैं।

5379487