MCD Mayor Election 2024: 'आप' ने मेयर पद पर महेश खींची और डिप्टी मेयर पद पर रविंद्र भारद्वाज को चुना, पढ़िये इनका राजनीतिक सफर

Mahesh Khichi And Ravindra Bhardwaj
X
महेश खींची और रविंद्र भारद्वाज।
दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल की गैरमौजूदगी में इस बार दिल्ली नगर निगम के मेयर का चुनाव होने जा रहा है।

Mahesh Khichi News: लोकसभा चुनाव से पहले दिल्ली में होने वाले मेयर चुनाव के लिए आम आदमी पार्टी ने मेयर और डिप्टी मेयर के पद के लिए उम्मीदवार के नाम की घोषणा कर दी है। आप के मंत्री गोपाल राय ने कहा कि महेश खींची महापौर और रविंद्र भारद्वाज उपमहापौर के लिए उम्मीदवार होंगे। ऐसे में अब चर्चा यह हो रही है कि आखिर महेश खींची और रविंद्र कुमार कौन हैं, जिसे पार्टी ने प्रत्याशी बनाया है। तो चलिए खींची और भारद्वाज के राजनीतिक सफर पर नजर डालते हैं।

कौन हैं महेश खींची

महेश खींची करोल बाग विधानसभा क्षेत्र के देव नगर वार्ड 84 से आप के पार्षद हैं। वे काफी लंबे समय से आम आदमी पार्टी से जुड़े हुए हैं। महेंश खींची पहले आम आदमी पार्टी के बूथ अध्यक्ष बने थे। उसके बाद वार्ड अध्यक्ष बने, बाद में विधानसभा के अध्यक्ष बने। महेश खींची ने आम आदमी पार्टी के लिए कई राज्यों में चुनाव कैंपेन भी किया। उन्होंने दिल्ली के मोतीलाल नेहरू कॉलेज से बीकॉम की पढ़ाई की है। वे अपने वार्ड में काफी एक्टिव दिखाई देते हैं। पार्टी ने यह सब देखते हुए उन्हें देव नगर वार्ड 84 से निगम पार्षद का टिकट दिया गया। वे चुनाव जीत कर पार्षद बने। अब पार्टी ने उन्हें मेयर पद के लिए उम्मीदवार बनाया है।

कौन हैं रविंद्र कुमार

आम आदमी पार्टी के डिप्टी मेयर के लिए उम्मीदवार रविंद्र भारद्वाज अमन विहार के वार्ड नंबर 41 से निगम पार्षद है। रविंद्र भारद्वाज अमन विहार से दो बार पार्षद का चुनाव जीत चुके हैं। अमन विहार किराड़ी विधानसभा में आता है। रविंन्द्र भारद्वाज आंदोलन के समय से ही आम आदमी पार्टी से जुड़े हैं। वह लगातार पार्टी के संगठन को मजबूत करने के लिए जनता के बीच बने रहते हैं।

ये भी पढ़ें:- 26 अप्रैल को होगा दिल्ली मेयर और डिप्टी मेयर का चुनाव, आज है नामांकन की आखिरी तारीख

कब होगा मेयर का चुनाव

दिल्ली नगर निगम के मेयर और डिप्टी मेयर पद के लिए 26 अप्रैल 2024 को चुनाव होगा। 18 अप्रैल यानी आज नामांकन दाखिल करने का आखिरी दिन है। सुबह 11 बजे से 5 बजे के बीच नामांकन किया जा सकता है। बता दें कि दिल्ली में मेयर का पद 3 साल अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित है। खींची अनुसूचित जाति से आते हैं। ऐसे में आम आदमी पार्टी ने महेश खींची को उम्मीदवार बनाया है।

एमसीडी में कुल पार्षद 250

दिल्ली नगर निगम में कुल पार्षदों की संख्या 250 हैं। इनमें से आम आदमी पार्टी के पास 134 पार्षद हैं। इसके साथ ही एक निर्दलीय, 3 राज्यसभा सांसद और 13 विधायकों को भी वोट डालते हैं। वहीं बीजेपी के पास 104 पार्षद हैं। उनके पास 1 निर्दलीय और 7 सांसद और 1 विधायक के अलावा 10 मनोनीत सदस्य भी हैं। कांग्रेस के पास 9 पार्षद हैं। खास बात यह है कि दिल्ली में मेयर चुनाव में भी आम आदमी पार्टी और कांग्रेस साथ मिलकर चुनाव लड़ेंगे।

WhatsApp Button व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ें WhatsApp Logo
Next Story