Delhi Congress President: देवेंद्र यादव बने दिल्ली कांग्रेस के अंतरिम अध्यक्ष, जानें कौन हैं Devendra Yadav

Devendra Yadav Delhi Congress President
X
दिल्ली प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष देवेंद्र यादव
अरविंदर सिंह लवली के इस्तीफे के बाद देवेंद्र यादव को दिल्ली प्रदेश कांग्रेस का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। इसके साथ ही देवेंद्र यादव पंजाब के इंचार्ज की जिम्मेदारी भी संभालते रहेंगे।

Delhi Congress President: दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी को नया अध्यक्ष मिल गया है। दिल्ली के पूर्व विधायक देवेंद्र यादव को दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी (DPC) का अंतरिम अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। अरविंदर सिंह लवली के प्रदेश अध्यक्ष पद से इस्तीफा देने के बाद देवेंद्र यादव का नाम अध्यक्ष पद के दावेदारों में सबसे आगे चल रहा था। इसकी जानकारी ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी (AICC) के महासचिव और सांसद के.सी. वेणुगोपाल ने दी है।

दिल्ली कांग्रेस के नए अध्यक्ष बने देवेंद्र यादव

दिल्ली में कांग्रेस के पूर्व विधायक देवेंद्र यादव को तत्काल प्रभाव से प्रदेश कांग्रेस का अंतरिम अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। इसके अलावा देवेंद्र यादव पंजाब के इंचार्ज की जिम्मेदारी भी संभालते रहेंगे।

27 अप्रैल को अरविंदर सिंह लवली ने दिया था इस्तीफा

बता दें कि अरविंदर सिंह लवली ने बीते शनिवार यानी 27 अप्रैल को कांग्रेस अध्यक्ष पद से अचानक इस्तीफा दे दिया था। इसके बाद से ही नए अध्यक्ष को लेकर भी दौड़ शुरू हो गई थी। इस दौड़ में कई वरिष्ठ व पूर्व मंत्री और पूर्व विधायकों के नाम शामिल थे। इस लिस्ट में देवेंद्र यादव का नाम रेस में सबसे आगे चल रहा था।

कौन हैं देवेंद्र यादव

देवेंद्र यादव कांग्रेस पार्टी में लंबे समय से जुड़े हुए हैं। वह 2008 और 2013 में दिल्ली में बादली विधानसभा से कांग्रेस की टिकट पर दो बार विधायक रहे हैं। इसके अलावा उन्होंने पार्टी में कई अहम पदों पर जिम्मेदारी भी संभाली है। देवेंद्र यादव फिलहाल पंजाब में कांग्रेस के प्रभारी हैं। इससे पहले वो उत्तराखंड में भी कांग्रेस के प्रभारी रह चुके थे। देवेंद्र यादव को पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अजय माकन का करीबी माना जाता है।

चुनाव में पार्टी अध्यक्ष होना क्यों जरूरी

दिल्ली में लोकसभा चुनाव के लिए नामांकन प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। लोकसभा चुनाव के बीच पार्टी का अध्यक्ष होना जरूरी है। दरअसल, नामांकन के लिए प्रत्याशियों को चुनाव चिन्ह देना होता है। ऐसे में नामांकन के लिए प्रत्याशियों को चुनाव चिन्ह देने में पार्टी अध्यक्ष की अहमियत होती है। इसलिए किसी पार्टी के लिए अध्यक्ष बनाना जरूरी है।

WhatsApp Button व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ें WhatsApp Logo
Next Story