Besan Cheela: नाश्ते के लिए 5 मिनट में तैयार होगा बेसन का चीला, 3 चीजें मिलाते ही स्वाद होगा दोगुना!

बेसन चीला बनाने का तरीका।
Besan Cheela: सुबह के नाश्ते में अक्सर सबसे बड़ी परेशानी होती है क्या जल्दी बने और स्वाद भी लाजवाब हो। भागदौड़ भरी जिंदगी में हर कोई चाहता है कि नाश्ता हेल्दी भी हो और बनाने में ज्यादा समय भी न लगे। ऐसे में बेसन का चीला एक परफेक्ट ऑप्शन बनकर सामने आता है।
अगर आप एक जैसा बेसन चीला खाकर बोर हो चुके हैं, तो इसमें सिर्फ 3 चीजें मिलाकर इसका स्वाद दोगुना किया जा सकता है। खास बात यह है कि इन तीन चीजों में कसा हुआ पनीर भी शामिल है, जो चीले को प्रोटीन से भरपूर और बच्चों-बड़ों सभी के लिए फेवरेट बना देता है।
बेसन चीला बनाने के लिए सामग्री- बेसन - 1 कप
- कसा हुआ पनीर - 1/2 कप
- बारीक कटा प्याज - 1 छोटा
- बारीक कटी शिमला मिर्च - 1/2 कप
- हरी मिर्च - 1 (बारीक कटी)
- हरा धनिया - 1 टेबलस्पून
- अजवाइन - 1/2 छोटा चम्मच
- हल्दी - एक चुटकी
- नमक - स्वादानुसार
- पानी - आवश्यकता अनुसार
- तेल/घी - सेंकने के लिए
बेसन चीला बनाने का तरीका
बेसन चीला स्वाद से भरपूर एक हेल्दी डिश है। इसे तैयार करने के लिए एक बड़े बाउल में बेसन लें। इसमें नमक, हल्दी और अजवाइन डालें। अब धीरे-धीरे पानी डालते हुए स्मूद बैटर तैयार करें। ध्यान रखें कि घोल न ज्यादा गाढ़ा हो और न ही बहुत पतला।
अब बैटर में कसा हुआ पनीर, बारीक कटा प्याज और शिमला मिर्च डालें। ये तीनों चीजें मिलते ही चीले का स्वाद और टेक्सचर दोनों शानदार हो जाते हैं। ऊपर से हरी मिर्च और हरा धनिया भी मिला दें।
नॉन-स्टिक या लोहे का तवा गैस पर रखें और हल्का सा तेल लगाएं। तवा अच्छे से गर्म हो जाए, तब उस पर एक कलछी बैटर डालें। बैटर को हल्के हाथ से गोल फैलाएं। मध्यम आंच पर चीले को सेकें। जब नीचे की साइड सुनहरी हो जाए, तब पलट दें।
दूसरी तरफ भी थोड़ा तेल डालकर चीले को कुरकुरा होने तक सेंक लें। तैयार है पनीर वाला टेस्टी बेसन चीला। इस चीले में बेसन से प्रोटीन, पनीर से कैल्शियम और सब्जियों से फाइबर मिलता है। यह नाश्ता पेट को लंबे समय तक भरा रखता है और बच्चों के टिफिन के लिए भी बेहतरीन विकल्प है।
अगर आपको यह खबर उपयोगी लगी हो, तो इसे सोशल मीडिया पर शेयर करना न भूलें और हर अपडेट के लिए जुड़े रहिए [haribhoomi.com] के साथ।
