Manoj Tiwari Birthday : भोजपुरी एक्टर बन मचाई धूम, राजनीति में भी जमाया रंग खूब, ऐसे हैं मनोज तिवारी
Manoj Tiwari Birthday : मनोज तिवारी एक फरवरी को 49 साल के हो जाएंगे। मनोज तिवारी का भोजपुरी एक्टर से राजनेता बनने तक का सफर कभी आसान नहीं रहा। उन्होंने जब राजनीति में कदम रखा, तो सबसे पहले योगी आदित्यनाथ के खिलाफ चुनाव लड़ा।

Manoj Tiwari Birthday : भोजपुरी एक्टर और राजनेता मनोज तिवारी 1 फरवरी को 49वां जन्मदिन सेलिब्रेट करेंगे। मनोज तिवारी ने फिलहाल भोजपुरी फिल्मों से दूरी बना ली है और अब दिल्ली विधानसभा चुनाव की तैयारियों में बिजी है। मनोज तिवारी दिल्ली बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष है। जिसके चलते उनके ऊपर पार्टी को दिल्ली में ज्यादा से ज्यादा सीटें जीताने की जिम्मेदारी है। चलिए उनके जन्मदिन के मौके पर उनके जिंदगी से जुड़े कुछ बातें जानते है।
मनोज तिवारी (Manoj Tiwari) का जन्म 1 फरवरी 1973 को बिहार के अटारवालिया गांव में हुआ था। उनके पिता का नाम चंद्र देव तिवारी और मां का नाम ललिता देवी है। वहीं उनका एक भाई भी है, जिसका नाम पुष्कर तिवारी है। उनकी अपनी शुरूआती पढ़ाई पीएम मोदी के संसदीय क्षेत्र बनारस के कमलाकर चौबे आदर्श सेवा विद्यालय से पूरी की और फिर आगे की पढ़ाई बनारस हिंदू विश्विद्यालय से पूरी की। उन्होंने M.P.Ed में डिग्री हासिल की हुई है।
मनोज तिवारी को बचपन से गाने का शौक रहा है। भोजपुरी फिल्मों में आने से पहले मनोज तिवारी ने 10 साल तक सिगिंग के क्षेत्र में हाथ अजमाया और फिर फिल्मों में आने के बारे में सोचा। साल 2003 में उन्हें 'ससुरा बड़ा पैसे वाला' भोजपुरी फिल्म में बतौर एक्टर काम करने का मौका मिला। इस फिल्म ने जबरदस्त बिजनेस किया। मनोज तिवारी ने अपने फिल्मी करियर में सभी फैमिली मूवीज ही बनाई। उन्होंने पर्दे पर कई सुपरहिट फिल्में दी, जैसे- 'बंधन टूटे ना', 'दरोगा बाबू आई लव यू', 'दामाद जी', 'धरतीपुत्र', 'नैहर के मारो पिया के चुनारी', 'भोजपुरिया डॉन', 'धरती कहे पुकार के', 'दरोगा जी चोरी होगेल' समेत कई फिल्में शामिल है। भोजपुरी फिल्मों के अलावा, मनोज तिवारी ने टीवी शोज में भी नजर आए। वो 'बिग बॉस 4' शो का हिस्सा भी रहे। उन्होंने अनुराग कश्यप की फिल्म 'गैंग्स ऑफ वासेपुर' में 'जिया हो बिहार के लाला' गाना गाया, जो सुपरहिट रहा।
टीवी की दुनिया से ब्रेक लेकर मनोज तिवारी ने राजनीति में जाने की सोची और साल 2009 में समाजवादी पार्टी की ओर से लोकसभा चुनाव लड़ा, इस चुनाव में वो वर्तमान यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ के खिलाफ गोरखपुर से लड़े थे, लेकिन हार गए थे। साल 2011 में वो बाबा रामदेव के भष्ट्राचार विरोधी आंदोलन और अन्ना आंदोलन में भी काफी सक्रिय रहे। साल 2013 में मनोज तिवारी बीजेपी में शामिल हो गए। साल 2014 के लोकसभा चुनाव में बीजेपी ने मनोज तिवारी पर भरोसा जताते हुए उन्हें पूर्वी दिल्ली से मैदान में उतारा। इस सीट से मनोज तिवारी ने जीत हासिल की। तब से लेकर अभी तक मनोज तिवारी अपने पार्टी के प्रति दायित्व को संभाल रहे है।