Logo
election banner
पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान का अंदाज बदला बदला लगा रहा है। बुधवार को भाजपा कार्यालय में हुई विधायक दल की बैठक की बजाय पूर्व सीएम शिवराज अमरकंट यात्रा पर चले गए

भोपाल। मध्य प्रदेश की सियासत में हुए पीढ़ी परिवर्तन के बाद भाजपा के सीनियर नेता व पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान का अंदाज बदला बदला लगा रहा है। बुधवार को भाजपा कार्यालय में हुई विधायक दल की बैठक की बजाय पूर्व सीएम शिवराज अमरकंट यात्रा पर चले गए। उनका यह कार्यक्रम पूर्व निर्धारित बताया गया, लेकिन सियासी विश्लेषक इसे उनके बगावती तेवर बता रहे हैं। कहा, भाजपा का राष्ट्रीय नेतृत्व पूर्व सीएम शिवराज सिंह चौहान को दिल्ली की राजनीति में सक्रिय करना चाहता है, लेकिन शिवराज मप्र छोड़ने को तैयार नहीं हैं।  

मप्र छोड़कर कहीं नहीं जाने वाला
मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने एक कार्यक्रम में जनता से संवाद करते हुए स्पष्ट तौर पर कहा था कि मैं मप्र छोड़कर कहीं नहीं जाने वाला। पूर्व सीएम शिवराज का यह बयान मीडिया में सुर्खियों में रहा। इसके बाद भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने उन्हें दिल्ली बुलाकर तकरीबन सवा घंटे मंत्रणा की थी। साथ ही विकिसत भारत संकल्प यात्रा के तहत दक्षिण भारत में दौरे करने को कहा था, लेकिन पूर्व सीएम शिवराज सिंह चौहान मप्र लौटते ही अमरकंटक प्रवास पर पहुंच गए। 

खोना नहीं चाहते 20 साल में बनाया जनाधार 
पूर्व सीएम शिवराज सिंह का अमरकंट प्रवास बेशक उनकी निजी व आध्यात्मिक यात्रा है, लेकिन मंत्रीमंडल विस्तार की तैयारियों के बीच हुई विधायक दल की मीटिंग में उनका गैरहाजिर रहना चर्चा का विषय बन गया। माना जा रहा है कि पूर्व सीएम शिवराज मप्र के शासन सत्ता में दखल नहीं डालना चाहते, लेकिन पिछले 20 वर्षों में हर जिले में जो सियासी जमीन मजबूत की है, उसे कमजोर भी नहीं होने देना चाहते हैं। यही वजह है कि वह कभी धार्मिक कार्यक्रम तो कभी आध्यात्मिक यात्रा के बहाने प्रदेश के अलग अलग जिलों के प्रवास पर पहुंच जाते हैं। 

मिशन 29 बनाम मिशन साउथ 
विधानसभा चुनाव में प्रचंड जीत से उत्साहित पूर्व सीएम शिवराज सिंह चौहान छिंदवाड़ा प्रवास कर मिशन-29 की शुरुआत की थी। जबकि, पार्टी उन्हें मिशन साउथ यानी दक्षिण भारत के राज्यों की जिम्मेदारी सौंपना चाहती है। केरल, तमिलनाडु, तेलांगना सहित साउथ इंडिया के लगभग सभी राज्यों में भाजपा की स्थिति काफी कमजोर है। यहां भाजपा का कोर एजेंडा भी चलता नहीं दिख रहा। यही वजह है कि शिवराज सिंह चौहान के सहारे साफ्ट हिंदुत्व व गरीब कल्याण की नीति को बढ़ावा देकर भाजपा अपनी पकड़ मजबूत करना चाहती है। 

मुख्यमंत्री सहित सभी विधायक रहे मौजूद 
भोपाल के भाजपा कार्यालय में गुरुवार रात हुई विधायक दल की बैठक में मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव सहित पार्टी के सभी विधायक मौजूद थे। मुख्यमंत्री मोहन यादव, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीडी शर्मा व पार्टी के संगठन महामंत्री हितानंद शर्मा ने विधायकों को संबोधित करते हुए आगमी कार्ययोजना से अवगत कराया। 

5379487