इंदौर। पश्चिम रेलवे ने यात्रियों की बढ़ती संख्या और मांग को देखते हुए इंदौर-नई दिल्ली त्रि-साप्ताहिक सुपरफास्ट एक्सप्रेस ट्रेन का विस्तार हिसार तक के लिए कर दिया है। यह ट्रेन सप्ताह में तीन दिन हिसार तक जाएगी, जिससे मध्य प्रदेश और हरियाणा के बीच रेल संपर्क और बेहतर होगा। रतलाम रेल मंडल के अनुसार इस सेवा की शुरुआत 11 मार्च से होगी। यह ट्रेन शाम 4.45 बजे इंदौर से हिसार के लिए रवाना होगी। यह ट्रेन अगले दिन सुबह करीब 9.20 बजे हिसार पहुंचेगी।
अब सफदरजंग स्टेशन पर रुकेगी ट्रेन
जबकि, वापसी में ट्रेन संख्या 20958 हिसार से दोपहर 1-20 बजे चलेगी और अगले दिन सुबह लगभग 6-45 मिनट पर इंदौर पहुंचेगी। इस नई व्यवस्था से दोनों शहरों के बीच यात्रा करने वाले यात्रियों को अधिक सुविधा मिलेगी और उन्हें अब दिल्ली तक अलग से सफर करने की जरूरत नहीं पड़ेगी। रेलवे प्रशासन ने यह भी जानकारी दी है कि इस ट्रेन के संचालन में एक अहम बदलाव किया गया है। पहले यह ट्रेन नई दिल्ली रेलवे स्टेशन तक जाती थी, लेकिन अब इसका ठहराव दिल्ली सफदरजंग रेलवे स्टेशन पर किया गया है।
रास्ते में इन स्टेशनों पर रुकेगी ट्रेन
इसके अलावा ट्रेन रास्ते में कई अन्य महत्वपूर्ण स्टेशनों पर भी रुकेगी, जिनमें शकूरबस्ती रेलवे स्टेशन, रोहतक रेलवे स्टेशन, महम रेलवे स्टेशन और हांसी रेलवे स्टेशन शामिल हैं। रेलवे अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि इन बदलावों के अलावा ट्रेन के रूट और समय-सारणी में कोई बड़ा परिवर्तन नहीं किया गया है। यात्रियों को सलाह दी गई है कि यात्रा से पहले ट्रेन के समय और वर्तमान स्थिति की जानकारी भारतीय रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट या रेल वन ऐप के माध्यम से अवश्य जांच लें।
इंदौर-दाहोद लाइन पर काम अब तक अधूरा
इसी बीच इंदौर-दाहोद नई रेल लाइन परियोजना से जुड़ी एक और खबर सामने आई है। इस परियोजना के अंतर्गत धार तक रेलवे लाइन बिछाने का काम अभी पूरी तरह समाप्त नहीं हो पाया है। रेलवे ने पहले फरवरी 2026 तक इस हिस्से का निर्माण पूरा करने का लक्ष्य रखा था, लेकिन समय सीमा बीतने के बावजूद कुछ महत्वपूर्ण काम अभी बाकी हैं। खासकर टीही के आगे बनने वाली सुरंग का निर्माण कार्य अभी तक पूरा नहीं हो सका है।










