Logo
बेमेतरा जिले के शासकीय प्राथमिक शाला साल्हेपुर की प्रधान पाठिका अंबालिका पटेल ने अपने जन्मदिन पर बच्चों को नेवता भोज कराया।

बेमेतरा। बेमेतरा जिले के शासकीय प्राथमिक शाला साल्हेपुर की प्रधान पाठिका ने एक प्रेरणादायक कार्यक्रम का आयोजन किया। प्रधान पाठिका अंबालिका पटेल ने अपने जन्मदिन के अवसर पर विद्यालय के कक्षा पहली से पांचवीं तक के सभी बच्चों को स्नेहपूर्वक नेवता भोज कराया।

विद्यालय परिसर में बच्चों के बीच उत्साह और खुशी का माहौल देखने को मिला। अंबालिका पटेल ने अपने जन्मदिन को बच्चों के साथ साझा करते हुए कहा कि, बच्चों की मुस्कान और उनका उज्ज्वल भविष्य ही उनके लिए सबसे बड़ा उपहार है। उन्होंने बच्चों को अच्छी शिक्षा प्राप्त करने, अनुशासन में रहने और अपने लक्ष्य के प्रति मेहनत करने के लिए प्रेरित किया। नेवता भोज में सभी बच्चों को प्रेमपूर्वक स्वादिष्ट भोजन परोसा गया। बच्चे बड़े उत्साह के साथ कार्यक्रम में शामिल हुए और अपने प्रधान पाठिका के प्रति आभार व्यक्त किया। बच्चों ने गीत, कविता और शुभकामनाएँ प्रस्तुत कर अपने शिक्षक के प्रति सम्मान व्यक्त किया।

bemetara

नेवता भोजन छत्तीसगढ़ सरकार की एक अनूठी पहल
इस कार्यक्रम में उपस्थित शिक्षकों और शाला परिवार के सदस्यों ने भी अंबालिका पटेल को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएँ देते हुए उनके इस सराहनीय पहल की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि, इस प्रकार के आयोजन से विद्यालय और विद्यार्थियों के बीच आत्मीयता और स्नेह का वातावरण बनता है और बच्चों को विद्यालय से जुड़ाव और प्रेरणा मिलती है। नेवता भोजन छत्तीसगढ़ सरकार की एक अनूठी पहल है, जिसके तहत व्यक्ति व समुदाय के लोग जन्मदिन, त्योहार या विशेष अवसरों पर स्कूली बच्चों को अपनी इच्छा से पौष्टिक और स्वादिष्ट भोजन या अतिरिक्त पोषण (फल, मिठाई) प्रदान करते हैं। 

बच्चों में एकता और समानता की भावना विकसित करना
यह सामुदायिक भागीदारी के माध्यम से मिड-डे मील के पोषण स्तर को बढ़ाने, स्वास्थ्य सुधारने और बच्चों में एकता व समानता की भावना विकसित करने में मदद करता है। कार्यक्रम के अंत में बच्चों ने प्रधान पाठिका को जन्मदिन की शुभकामनाएँ देते हुए उनके उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु और निरंतर सफलता की कामना की। इस अवसर पर पूरा विद्यालय परिवार और विद्यार्थी अत्यंत प्रसन्न दिखाई दिए।

5379487