Logo
बलौदा बाजार कलेक्टर ने बुधवार को अफसरों की बैठक लेकर जिले में मादक पदार्थों की खेती या अवैध कारोबार पर सख्ती के निर्देश दिए हैं।

कुश अग्रवाल- बलौदा बाजार। छत्तीसगढ़ के दुर्ग और बलरामपुर जिले में अफीम की अवैध खेती के खुलासे के बाद अब बलौदा बाजार जिला प्रशासन भी अलर्ट मोड पर आ गया है। कलेक्टर कुलदीप शर्मा ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा है कि, जिले में मादक पदार्थों की खेती पर पूरी तरह नजर रखी जाए और किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

बुधवार को संयुक्त जिला कार्यालय के सभागार में कलेक्टर कुलदीप शर्मा की अध्यक्षता में जिला स्तरीय सड़क सुरक्षा एवं नार्को समन्वय समिति (एनसीओआरडी) की बैठक आयोजित की गई। बैठक में मादक पदार्थों की खेती, निर्माण और बिक्री पर रोक लगाने के साथ-साथ सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने, यातायात नियमों के पालन और ब्लैक स्पॉट पर संकेतक लगाने जैसे मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।

अवैध शराब के खिलाफ सख्त एक्शन के निर्देश
कलेक्टर ने अनुविभागीय अधिकारी राजस्व, पुलिस, वन और कृषि विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में अगले तीन दिनों के भीतर गहन जांच अभियान चलाएं और प्रमाण पत्र जारी करें कि उनके क्षेत्र में कहीं भी मादक पदार्थों की खेती नहीं हो रही है।

उन्होंने सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि यदि प्रमाण पत्र जारी होने के बाद कहीं भी मादक पदार्थों की खेती की शिकायत मिलती है, तो संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। बैठक में कलेक्टर ने अवैध शराब निर्माण और बिक्री पर भी सख्ती बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने आबकारी विभाग और पुलिस को संयुक्त रूप से कार्रवाई करने को कहा और स्पष्ट किया कि 5 लीटर से अधिक महुआ शराब बनाने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाए। 

ओवर रेट शराब बिक्री पर होगी सख्त कार्रवाई
साथ ही किसी भी शराब दुकान में ओवररेट की शिकायत मिलने पर सेल्समैन सहित पूरी टीम को बदलने के निर्देश भी दिए गए। इसके अलावा आदतन अपराधियों के खिलाफ बांड ओवर की कार्रवाई करने, शैक्षणिक संस्थानों के 500 मीटर के दायरे में मादक पदार्थों की बिक्री पर पूरी तरह रोक लगाने तथा स्कूलों में आपराधिक गतिविधियों को रोकने के लिए समय-समय पर छात्रों के बैग की जांच करने के निर्देश भी अधिकारियों को दिए गए। प्रशासन ने साफ कर दिया है कि जिले में नशे के कारोबार और मादक पदार्थों की खेती पर पूरी तरह सख्ती बरती जाएगी और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

5379487