Logo
छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना ने वरिष्ठ पत्रकार गजेंद्ररथ गर्व को प्रदेश प्रवक्ता और मुख्य सलाहकार नियुक्त किया है।

सूरज सोनी-खरोरा। छत्तीसगढ़ की अस्मिता, भाषा और स्थानीय अधिकारों की लड़ाई लड़ने वाली प्रदेश की सबसे बड़ी गैर-राजनीतिक संगठन छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना (CKS) ने वरिष्ठ पत्रकार गजेंद्ररथ गर्व को बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है। संगठन ने उन्हें प्रदेश प्रवक्ता और मुख्य सलाहकार नियुक्त किया है। उनकी नियुक्ति को संगठन के भीतर नए दौर की शुरुआत के रूप में देखा जा रहा है।

मिली जानकारी के अनुसार, छत्तीसगढ़ में आम छत्तीसगढ़ियों के अधिकार, जल-जंगल-जमीन और क्षेत्रीय अस्मिता के मुद्दों पर लगातार सक्रिय रहने वाली गैर-राजनीतिक संगठन छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना ने वरिष्ठ पत्रकार गजेंद्ररथ गर्व को संगठन का प्रदेश प्रवक्ता और मुख्य सलाहकार नियुक्त किया है।

qवर्तमान में हैं छत्तीसगढ़िया पत्रकार
गजेंद्ररथ गर्व वर्तमान में छत्तीसगढ़िया पत्रकार महासंघ के प्रदेश अध्यक्ष भी हैं और लंबे समय से प्रदेश की अस्मिता, भाषा और स्थानीय अधिकारों के लिए सक्रिय रूप से काम करते रहे हैं। वे करीब एक दशक से CKS के सक्रिय सदस्य रहे हैं और संगठन में विभिन्न पदों की जिम्मेदारियां निभा चुके हैं।

कई गांवों में छत्तीसगढ़ महतारी की मूर्तियों की स्थापित
रायपुर जिला ग्रामीण के अध्यक्ष रहते हुए गजेंद्ररथ ने कई गांवों में छत्तीसगढ़ महतारी की मूर्तियों की स्थापना कर क्षेत्रीय अस्मिता को जागृत करने का प्रयास किया था। इसके अलावा वे अपने सोशल मीडिया शो 'इतवार जोहार LIVE' के माध्यम से प्रदेशवाद की विचारधारा को युवाओं तक पहुंचाने का काम भी लगातार कर रहे हैं।

लंबे समय तक चलाया अभियान
छत्तीसगढ़ी भाषा को प्राथमिक शिक्षा में शामिल करने की मांग को लेकर भी उन्होंने लंबे समय तक अभियान चलाया। इस दौरान उन्होंने खुले पांव रहकर आंदोलन किया था, जिसके बाद तत्कालीन मुख्यमंत्री ने उन्हें चरण पादुका पहनाकर उनकी मांगों पर सकारात्मक पहल का आश्वासन दिया था।

पत्रकारिता में बनाई अलग पहचान
पत्रकारिता के क्षेत्र में भी गजेंद्ररथ ने अलग पहचान बनाई है। उन्होंने प्रदेश के बड़े न्यूज चैनलों में छत्तीसगढ़ी भाषा और संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए 'हमर बानी हमर गोठ', 'पंचायती', 'मोर माटी के नाचा' और 'पुरखा के सुरता”'जैसे कई लोकप्रिय कार्यक्रम किए, जिन्होंने लोगों में अपनी भाषा और संस्कृति के प्रति जागरूकता बढ़ाने का काम किया।

फिल्मों में लेखन, निर्देशन और निर्माण का किया कार्य
एक फिल्मकार के रूप में भी गजेंद्ररथ ने कई आयाम स्थापित किए हैं। पुणे स्थित FTII से फिल्म निर्माण की पढ़ाई करने के बाद उनकी पहली फिल्म 'बैर' वर्ष 2008 में रिलीज हुई थी। इसके बाद उन्होंने कई फिल्मों में लेखन, निर्देशन और निर्माण का कार्य किया। बाद में वे टीवी पत्रकारिता में सक्रिय हो गए और अब भी प्रदेश की अस्मिता से जुड़े मुद्दों पर काम कर रहे हैं। वर्तमान में वे 'प्रदेशवाद' पत्रिका के संपादक भी हैं और स्थानीय समस्याओं, भाषाई जागरूकता तथा समाज के अंतिम पंक्ति के लोगों की आवाज को मंच देने का काम कर रहे हैं।

जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी के संस्थापक सदस्य रह चुके
छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना में प्रवक्ता और मुख्य सलाहकार के रूप में उनकी नियुक्ति को संगठन में नए दौर की शुरुआत माना जा रहा है। इससे पहले वे जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी के संस्थापक सदस्य और प्रदेश कार्यकारिणी में भी रह चुके हैं, लेकिन पत्रकारिता के मूल्यों को प्राथमिकता देते हुए उन्होंने राजनीति से दूरी बना ली और गैर-राजनीतिक संगठन के माध्यम से जनहित के मुद्दों पर सक्रिय रहने का निर्णय लिया।

इन्होने दी बधाई 
गजेंद्ररथ की नियुक्ति का पत्र छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना के प्रदेश उपाध्यक्ष धीरेंद्र साहू, मोनी कठोत्रे और रूपेंद्र देवांगन सहित अन्य पदाधिकारियों ने उनके गृह नगर खरोरा पहुंचकर सौंपा। इस दौरान जिला पदाधिकारी जागेश्वर और नगर पंचायत के पूर्व अध्यक्ष अरविंद देवांगन ने भी उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए बधाई दी।

5379487