Priyanka Chopra: बॉलीवुड एक्ट्रेस प्रियंका चोपड़ा अब दुनियाभर में अपनी पहचान का डंका बजा चुकी हैं। ग्लोबल स्टार बन चुकी प्रियंका ने अपने बॉलीवुड करियर को उस दौर में पीछे छोड़ा था जब वह एक सफल अभिनेत्री थीं और करियर के पीक पर थीं। अब हाल ही में उन्होंने बॉलीवुड छोड़ हॉलीवुड का रुख करने के पीछे का खुलासा किया है।
एक इंटरव्यू में अभिनेत्री ने बताया कि उस समय उनका करियर आसान नहीं था और कई चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा था, इसलिए उन्होंने आगे बढ़ने का फैसला लिया।
'मैं मुश्किल हालात में रुकना पसंद नहीं करती'
प्रियंका ने 'नॉट स्किनी बट नॉट फैट' पॉडकास्ट में बातचीत के दौरान बताया कि उन्होंने करियर के पीक पर हॉलीवुड में कदम क्यों रखा। उन्होंने कहा कि हर इंसान की जिंदगी में संघर्ष होते हैं, लेकिन वह उन परिस्थितियों में फंसे रहना पसंद नहीं करतीं जो उन्हें आगे बढ़ने से रोकें।
अभिनेत्री ने कहा, “जिंदगी कभी आसान नहीं होती। हर किसी की अपनी लड़ाइयां होती हैं। लेकिन मैं ऐसी जगह टिके रहना पसंद नहीं करती जहां माहौल खराब हो, क्योंकि फिर इंसान उसी का आदी हो जाता है।”
हॉलीवुड में शुरुआत आसान नहीं थी
प्रियंका चोपड़ा ने माना कि जब उन्होंने हॉलीवुड में काम शुरू करने का फैसला लिया, तब उनके सामने कोई क्लीयर रास्ता नहीं था। उस समय भारतीय कलाकारों के लिए वहां ज्यादा अवसर नहीं थे।
उन्होंने कहा कि उन्हें सिर्फ इतना भरोसा था कि वह मेहनती हैं और अपने काम को अच्छी तरह जानती हैं। यही आत्मविश्वास उन्हें नए देश और नए इंडस्ट्री में कदम रखने के लिए प्रेरित करता रहा।
ऐश्वर्या राय और मिंडी कैलिंग से मिली प्रेरणा
प्रियंका ने यह भी बताया कि हॉलीवुड में भारतीय कलाकारों की मौजूदगी देखकर उन्हें प्रेरणा मिली। उन्होंने खास तौर पर ऐश्वर्या राय बच्चन और मिंडी कलिंग का जिक्र किया, जिन्हें वह उस समय अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का रिप्रेजेंट करते हुए देखती थीं।
वर्कफ्रंट की बात करें तो प्रियंका चोपड़ा जल्द ही निर्देशक एसएस राजामौली की अपकमिंग फिल्म SSMB29 से भारतीय इंडस्ट्री में वापसी करेंगी।









