Hansika Motwani Divorce: एक्ट्रेस हंसिका मोटवानी (Hansika Motwani) और उनके बिजनेसमैन पति सोहेल कथूरिया (Sohael Khaturiya) की शादी आखिरकार टूट गई है। दोनों ने आपसी सहमति से तलाक ले लिया है। साल 2022 में हंसिका और सोहेल शादी के बंधन में बंधे थे, लेकिन 4 साल बाद ही अब दोनों अलग हो गए। लंबे समय से दोनों अलग-अलग रह रहे थे, जिससे उनके बीच दूरियों की खबरें सामने आई थीं।
वहीं, मुंबई के बांद्रा फैमिली कोर्ट ने दोनों के आपसी सहमति से तलाक को मंजूरी दी है। तलाक की प्रक्रिया के दौरान हंसिका मोटवानी ने न तो एलिमनी (गुजारा भत्ता) की कोई मांग की न ही वित्तीय दावे किए। बता दें, इस शोदी से दोनों की कोई संतान नहीं है।

शादी के बाद बढ़े मतभेद, रिश्ते में आई दरार
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, हंसिका ने आपसी सहमति से तलाक के लिए कोर्ट में याचिका दायर की थी। उनके वकील अदनान शेख ने अदालत को बताया कि शादी के बाद दोनों कुछ समय तक साथ रहे, लेकिन धीरे-धीरे उनके स्वभाव, विचारों और लाइफस्टाइल में बड़े अंतर सामने आने लगे।
इन मतभेदों की वजह से दोनों के बीच अक्सर छोटी-छोटी बातों पर भी बहस होने लगी। समय के साथ यह स्थिति इतनी बढ़ गई कि एक ही घर में साथ रहना मुश्किल हो गया।

परिवार ने भी की सुलह की कोशिश
याचिका में यह भी बताया गया कि दोनों के परिवार, रिश्तेदार और दोस्तों ने कई बार उन्हें समझाने और रिश्ते को बचाने की कोशिश की। हालांकि, तमाम प्रयासों के बावजूद दोनों के बीच की दूरियां कम नहीं हो सकीं। आखिरकार दोनों ने आपसी सहमति से अलग होने का फैसला लिया।
बताया जाता है कि हंसिका और सोहेल 2 जुलाई 2024 से अलग-अलग रह रहे थे। बाद में दोनों ने बातचीत के जरिए तलाक की प्रक्रिया पूरी करने का निर्णय लिया और अदालत में अपने-अपने हलफनामे दाखिल किए।

2022 में की थी ग्रैंड वेडिंग
हंसिका मोटवानी और सोहेल कथूरिया ने 4 दिसंबर 2022 को जयपुर के मंडोटा फोर्ट में पारंपरिक हिंदू रीति-रिवाज से शादी की थी। दोनों की शादी की एक सीरीज बनाई गई थी जो हंसिका'ज़ लव शादी ड्रामा नाम से जियोहॉटस्टार पर उपलब्ध है। दोनों की शादी से कोई संतान नहीं है।

चाइल्ड आर्टिस्ट से स्टार बनीं हंसिका
हंसिका मोटवानी ने अपने करियर की शुरुआत बतौर चाइल्ड आर्टिस्ट टीवी शो 'शाका लाका बूम-बूम' से की थी। इसके बाद वह फिल्म 'कोई...मिल गया' में भी नजर आईं। आगे चलकर उन्होंने साउथ सिनेमा में कई सफल फिल्में कीं और वहां की लोकप्रिय अभिनेत्रियों में अपनी जगह बनाई।









